उझानी। कादरचौक मार्ग पर रविवार देर रात किसी वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
मृतक की पहचान थाना उसहैत क्षेत्र के गांव सूर्यनगला उर्फ मिर्जापुर निवासी मुकेश (30) पुत्र श्रीपाल के रूप में हुई। वह अपने गांव से थाना बिल्सी क्षेत्र के देवनगर शेखूपुर स्थित अपनी बुआ और मौसी के घर बाइक से जा रहे थे। उझानी-कादरचौक मार्ग पर किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मुकेश के सीने और माथे पर गंभीर चोटें आईं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के कुछ देर बाद मुकेश के मोबाइल पर उनके मौसेरे भाई राजेश का फोन आया। कॉल के माध्यम से हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की।
सीओ उझानी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की शिनाख्त हो गई हैं। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा हैं। रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद