फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जमीन के लालच में सास की गोली मारकर हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
बदायूं। इस्लामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोहरा में सोमवार रात जमीन के लालच में बेटी के साथ रहने वाले एक युवक ने कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। महिला युवक और बेटी से कुछ दूरी पर घर के आंगन में सो रही थी। गोली मारने में युवक का सहयोगी गांव से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले में महिला के चचेरे भाई ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन

घटना सोमवार रात करीब डेढ़ बजे की है। ग्राम कोहरा निवासी शीला (60) पत्नी स्वर्गीय ओमप्रकाश सोमवार को अपने घर के आंगन में सोई थी। उसकी इकलौती बेटी मीना और उसके साथ रहने वाला दुर्वेश कुछ दूरी पर बरामदे में सो रहे थे। महिला के चचेरे भाई हरद्वारी के मुताबिक शीला ने बेटी मीना की शादी 12 साल पहले उघैती थाना क्षेत्र के ग्राम कोठा निवासी अमलेश के साथ की थी। तीन साल में ही मीना ने अमलेश को छोड़ दिया और उसके बड़े भाई यानी अपने जेठ दुर्वेश के साथ रहने लगी। शीला की कोई और कोई संतान न होने से मीना और दुर्वेश कोहरा में ही रह रहे थे। शीला के पास छह बीघा जमीन थी। दुर्वेश चाहता था कि यह जमीन किसी तरह उसके नाम हो जाए। लेकिन शीला ऐसा नहीं कर रही थी। आरोप है कि सोमवार रात उसने शीला की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद एक हवाई फायर किया और शोर मचा दिया कि शीला को उसके देवर नरेशपाल और उसके परिवार वालों ने मार डाला। इधर, शोर शराबा और फायरिंग की आवाज सुनकर मोहल्ले वाले जग गए।
नरेशपाल भी अपने परिवार के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शक के आधार पर आरोपी को हिरासत में ले लिया। हालांकि उससे तमंचा बरामद नहीं हुआ। इधर, पुलिस ने हरद्वारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है। नरेशपाल ने बताया कि शीला की हत्या में गांव का एक युवक भी सहयोगी था। गोली मारने के बाद दुर्वेश ने उसे तमंचा देकर भगा दिया। उधर, मामले की सूचना पर एसपी देहात डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह, सीओ संजय कुमार रेड्डी और इंस्पेक्टर जसवीर सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से हत्या के संबंध में कुछ सुबूत जुटाए हैं।
विज्ञापन

आठ महीने से हत्या की योजना बना रहा था शातिर दुर्वेश
एक बार कर चुका था गड़ासे से हमला, महिला ने मायके भागकर बचाई थी जान
संवाद न्यूज एजेंसी
नूरपुर पिनौनी (बदायूं)। महिला को मौत के घाट उतारने वाला दुर्वेश बेहद शातिर है। वह आठ महीने से महिला को ठिकाने लगाने की योजना बना रहा था। आरोप है कि एक बार उसने गड़ासे से हमला बोल दिया लेकिन उस हमले में शीला बच गई थीं। उसके देवर ने ही उसकी जान बचाई थी।
इस्लामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोहरा निवासी शीला (60) का एक बेटा गेंदनलाल भी था। गेंदनलाल मूक बधिर था। शीला के देवर नरेशपाल के मुताबिक करीब छह साल पहले दुर्वेश इलाज के बहाने गेंदनलाल को अपने घर ले गया था। आरोप है कि वहीं उसकी जहर देकर हत्या कर दी थी। बाद में शोर मचा दिया था कि उसकी सांप के काटने से मौत हो गई। परिवार वालों ने उसके शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया था। शव को गंगा में प्रवाहित किया गया था। करीब आठ माह पहले दुर्वेश ने शीला के साथ मारपीट की और उनके ऊपर गड़ासे से हमला कर दिया। वह भागकर उनके घर पहुंचीं। उन्होंने बचाने की कोशिश की तो दुर्वेश ने उन पर ही हमला बोल दिया। उन्हें धमकी दी कि वह उन्हें जान से मार देगा। उसके डर से कई महीने नरेशपाल गांव में नहीं आए। वह अपनी रिश्तेदारियों में समय बिताता रहा। वहीं, शीला अपनी जान बचाने के लिए अपने मायके चली गईं। बाद में दुर्वेश ने ही समझाबुझाकर मामला शांत कराया और घर ले आया।
दो बीघा जमीन बिकवा चुका था
देवर नरेशपाल ने बताया कि शीला के नाम आठ बीघा जमीन थी। इसमें दो बीघा जमीन दुर्वेश बिकवा चुका था। छह बीघा जमीन अपने नाम कराने की कोशिश में था।
बारह बजे तक चले पड़ोस में कीर्तन
हत्यारोपी दुर्वेश ने मोहल्ले में हो रहे भजन कीर्तन का भी लाभ उठाया। बताते हैं कि पड़ोस के तुलाराम ने परचून की नई दुकान खोली है। उन्होंने सोमवार रात भजन कीर्तन का आयोजन रखा था। मोहल्ले के अधिकतर लोग कार्यक्रम में मौजूद थे। रात 12 बजे तक ये कार्यक्रम चला। इसके बाद लोग अपने-अपने घर चले गए। डेढ़ घंटे बाद गोली चलने की आवाज आई तो मोहल्ले के लोग चौंक गए। इस दौरान कुछ जाग रहे थे तो कुछ गहरी नींद में थे। वहीं, दुर्वेश का प्लान था कि लोग कीर्तन में होंगे, इससे उसका प्लान आसानी से सफल हो जाएगा।
... तो क्या बेटी भी हत्या में शामिल
आशंका जताई जा रही है कि शीला की हत्या में बेटी मीना का हाथ भी हो सकता है क्योंकि उसकी चारपाई और उसके पति की चारपाई सटी हुई बिछी थी। परिवार वालों का आरोप है कि दुर्वेश के साथ मीना भी शीला के साथ मारपीट करती थी। इससे उसके भी हत्या में शामिल होने की आशंका बढ़ गई है। मीना के पहले पति से एक बेटी है और दुर्वेश से दो बेटे एक बेटी है।
आरोपी दुर्वेश के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इसमें और कौन-कौन शामिल है, इसके बारे में अभी कुछ नहीं बताया जा सकता। इसकी जांच कराई जा रही है। आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी गई है। - संजय कुमार रेड्डी, सीओ बिल्सी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें