बिल्सी नगर के मोहल्ला संख्या दो में गिरी दीवार।
बिल्सी। मोहल्ला संख्या दो में सोमवार की शाम करीब छह बजे निर्माणाधीन मकान में पुरानी पक्की दीवार अचानक गिर गई। हादसे में वहां काम कर रहीं सास और बहू मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान सास की मौत हो गई, जबकि बहू का इलाज जारी है।
मोहल्ला संख्या दो निवासी प्रेमवती कश्यप (80) पत्नी छोटेलाल कश्यप अपनी पुत्रवधू अनीता कश्यप पत्नी रवि कश्यप के साथ अपने निर्माणाधीन मकान में मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि मकान में निर्माण कार्य के दौरान अचानक पुरानी पक्की दीवार गिर पड़ी। दीवार गिरते ही दोनों उसके नीचे दब गईं। मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। मोहल्ले के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर दोनों घायलों को बाहर निकाला और तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद प्रेमवती की हालत चिंताजनक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल पहुंचने पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं बहू अनीता को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है, उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।
बिल्सी नगर के मोहल्ला संख्या दो में गिरी दीवार।