14 अगस्त की रात जयंती और उसकी मां शांति घर के अंदर अलग-अलग चारपाई पर सो रही थी। इसी बीच दोनों की गला रेतकर और चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। देर रात ही विपिन ने परिजनों को हत्याकांड की सूचना दी। परिजनों को बताया कि चीख पुकार होने पर वह घर के दरवाजे पर पहुंचा तो उसे एक बदमाश चाकू से वार करके भाग निकला। पुलिस व परिजनों को उसकी कहानी पर यकीन नहीं हुआ।
इन लोगों के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
पुलिस व परिजनों को शक है कि विपिन ने ही मौसेरी बहन जयंती व मौसी शांति की हत्या की है। विपिन को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। वहीं, शांति के बेटे अवनीश ने बहन जयंती के जेठ वजीरगंज के गांव रोटा निवासी सुरेंद्र, प्रदीप सिंह, कब्बाली, जमीन खरीदने वाले पिंकू व सुरेंद्र व हजरतपुर के गांव चितरी के मौसेरे भाई विपिन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह सभी अभियुक्त उसकी बहन की संपत्ति को हथियाना चाहते थे। पुलिस ने रविवार को हत्याकांड का खुलासा करने का दावा किया है।
उनकी बहन अपने जीवन-यापन के लिए जमीन को पेशगी पर उठाने की कोशिश करती तो उसके तीनों जेठ अड़ंगा लगा देते थे। वह बहन को खेतीबाड़ी भी नहीं करने देते थे। इसी वजह से मजबूरन बहन को करीब तीन महीने पहले अपनी सात बीघा जमीन व एक मकान का बैनामा कराना पड़ा। इसमें बहन को 28.50 लाख रुपये मिले थे, लेकिन खरीदारों ने मकान के तीन लाख रुपये हड़प लिए थे। उसने कई बार तकादा किया, लेकिन वह न तो रुपये दे रहे थे और न ही मकान से कब्जा हटा रहे थे।
एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह ने बताया कि निर्माणाधीन मकान में मां-बेटी की चाकू से गोदकर हत्या की गई है। एक युवक संदिग्ध रूप से घायल हुआ है। शांति के बेटे की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। प्राथमिक जांच में संपत्ति विवाद सामने आया है। घायल युवक से पूछताछ की जा रही है।