बदायूं। सर्दी के मौसम में पहले ही ठंड का सितम झेल रहे लोगों को बुधवार को हुई बारिश ने और परेशान कर दिया। शीतलहर से जनजीवन ठहर सा गया तो बाजारों में रौनक गायब हो गई। बड़े बुजुर्ग नन्हे-मुन्ने सभी अपने घरों में ठंड से बचने के लिए कैद हो गए। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। शहर में सुबह 11 बजे और शाम को बूंदाबांदी हुई तो कुछ जगहों पर दोपहर में छींटे पड़े। वजीरगंज में पड़े ओलों ने ठंडक और ज्यादा बढ़ा दी। दिन भर सर्द हवा चलने के बाद शाम को सर्दी का सितम और अधिक हो गया। जिले भर में बुधवार को कई हिस्सों में बूंदाबांदी हुई। बिगड़ते मौसम और बारिश की वजह से शीतलहर बढ़ गई। बूंदाबांदी की वजह से सड़कों पर कीचड़ जम गई, जिससे लोगों को आवागमन में बेहद मुश्किल का सामना करना पड़ा। मौसम सोमवार शाम से ही अपना असर दिखाने लगा था। मंगलवार को तड़के बूंदाबांदी हुई। इसके बाद दिन में थोड़ी धूप निकली, लेकिन शाम होते-होते आसमान में काले बादल छा गए। इसके बाद रात में भी बूंदाबांदी हुई। बुधवार सुबह भी मौसम खराब रहा। जिसका असर सुबह 11 बजे और फिर शाम को देखने को मिल गया। बूंदाबांदी के साथ सर्द हवा चलने लगी। ठंड और ठिठुरन से बचने के लिए लोगों को गर्म कपड़ों के साथ अलाव की मदद लेने पड़ी। शाम को बाजार से लेकर सड़कों तक सन्नाटा पसर गया। रोडवेज स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भी लोग कम ही दिखे।
बिल्सी। पिछले दो दिनों से हो रही बूंदाबांदी से मौसम ने अपना मिजाज बदल दिया है। जिससे सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त होकर रह गया है। देर रात से रुक-रुक कर हो रही बूंदाबांदी से मौसम ने फिर से ठंड के साथ ठिठुरन का एहसास करा दिया। बरसात के बाद नगर के प्रमुख सड़कों पर फिसलन काफी बढ़ गई। कई दिनों से धूप निकलने से ठंड काफी हद तक कम हो गई थी, लेकिन मंगलवार की रात से रुक-रुक कर हुई बरसात से फिर से ठंड काफी बढ़ गई। जिसके कारण सड़कों एवं बाजार में लोग काफी कम निकले।
दबतोरी। बुधवार को हुई बूंदाबांदी से ठंड बढ़ गई है। शाम को लोगों को ठंड से बचने के लिए प्रयास करने पड़े। रेलवे स्टेशन में लोग ठंड से ठिठुरते नजर आए। सर्द हवा चलने पर यात्री अपने छोटे बच्चों को गर्म कपड़ों में छुपाने लगे।