बदायूं। जिलाधिकारी (डीएम) एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय ने बृहस्पतिवार को विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान कार्याें का हाल देखा। नगर पंचायत उसहैत एवं ब्लॉक उसावां क्षेत्र में चल रहे कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। डीएम ने जनसुनवाई में लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचने की अपील की है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 06 जनवरी से 06 फरवरी 2026 निर्धारित है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रारूप-6, 7, 8 सहित अन्य प्रारूपों की स्थिति की जानकारी ली और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश व मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने बताया कि नामावलियों से संबंधित सुनवाई, सत्यापन एवं निर्णय की प्रक्रिया 27 फरवरी तक पूर्ण की जाएगी, जबकि अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 06 मार्च को किया जाएगा।
डीएम ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत 31 जनवरी शनिवार को विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक पात्र नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि एक फरवरी रविवार को संत रविदास जयंती के कारण विशेष अभियान दिवस आयोजित नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत साप्ताहिक दावे एवं आपत्तियों का विवरण तथा आलेख्य प्रकाशित निर्वाचक नामावली एनआईसी बदायूं की वेबसाइट पर देखी जा सकती है। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
ईवीएम व वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था परखी
बदायूं। जिलाधिकारी अवनीश राय ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ कलक्ट्रेट स्थित ईवीएम व वीवीपैट वेयरहाउस का बाह्य निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने वहां लगाए गए सीसी कैमरों के माध्यम से की जा रही निगरानी व्यवस्था को चेक किया। आगंतुक रजिस्टर में हस्ताक्षर कर उपस्थिति दर्ज की। जिलाधिकारी ने बताया कि ईवीएम व वीवीपैट वेयरहाउस में 24 घंटे सुरक्षा बल की तैनाती रहती है तथा सभी मशीनें पूरी तरह सुरक्षित हैं। संवाद
मतदाताओं को जारी नोटिस के संबंध में भरवाए प्रपत्र
वजीरगंज। वजीरगंज सभागार में एसआईआर कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाताओं को जारी नोटिस के संबंध में आवश्यक प्रपत्र भरवाए गए। इस दौरान उपस्थित मतदाताओं ने अपने-अपने प्रपत्रों को नियमानुसार भरकर जमा किया। एआरओ नितिन कुमार ने बताया कि एसआईआर के तहत पहले चरण में मतदाताओं से फॉर्म संख्या-6 भरवाकर प्रक्रिया पूर्ण कराई जा रही है, जिससे मतदाता सूची को अद्यतन किया जा सके। संवाद
जिलाधिकारी ने किया ईवीएम व वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण। स्रोत- सूचना विभाग