सिलहरी। दहेमी गांव में बंदर का आतंक बरकरार है। सात दिन से बंदर हमला कर रहा है। बृहस्पतिवार को बकरी चरा रहे किसान अमीर खान पर हमला कर दिया। इसमें वह जख्मी हो गए। बंदर के आतंक से ग्रामीणों में दहशत है। बच्चों ने घरों से निकलकर बाहर खेलना बंद कर दिया है। इधर, वन विभाग की टीम गांव पहुंची लेकिन बंदर को पकड़ने का कोई प्रयास नहीं किया।
ग्रामीणों ने बताया कि थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के गांव दहेमी में लगातार सातवें दिन बंदर ने हमला किया। गांव की साधन सहकारी समिति के पास किसान अमीर खान बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान बंदर ने उन पर हमला कर दिया। हमले में घायल हो गए। ग्रामीणों के मुताबिक, बंदर अब तक सात लोगों को अपना निशाना बनाकर घायल कर चुका है।
ग्रामीणों की शिकायत पर वन विभाग की टीम दो बार गांव पहुंची है, लेकिन अब तक बंदर को पकड़ने में कोई प्रयास नहीं किया। बृहस्पतिवार को भी वन क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में टीम गांव पहुंची थी। बताते हैं कि बंदर ने वन विभाग की टीम की मौजूदगी में किसान पर हमला किया। हमले में घायल किसान को निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया है।