सहसवान। एक युवक के मोबाइल पर शादी कार्ड भेजा गया। उसने इसे डाउनलोड किया तो उसके बैंक खातों से 47 हजार 500 रुपये की धनराशि कट गई। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब एसएसपी के आदेश पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव जाहिदपुर आलमपुर निवासी आसिफ खान ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसके मोबाइल पर 23 नवंबर को गांव के ही एक युवक ने शादी का कार्ड भेजा था। उसने इसे डाउनलोड करने के बाद जैसे ही खोला तो दो दिन बाद उसके बैंक खातों से 47 हजार 500 रुपये की धनराशि कट गई। जब वह मैसेज भेजने वाले युवक के पास इसकी शिकायत करने गया तो वह गालियां देते हुए झगड़े पर आमादा हो गया और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित का कहना है कि उसने कोतवाली पुलिस से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब एसएसपी के आदेश पर गांव आलमपुर निवासी प्रदीप आर्या के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।