बदायूं के उसावां क्षेत्र में खेत पर गई किशोरी से युवक ने छेड़खानी कर दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर ग्रामीणों ने उसे बचाया। पीड़ित किशोरी ने घर आकर छत से छलांग लगा दी, जिससे गंभीर रूप से घायल हो गई।
बदायूं के उसावां थाना क्षेत्र में बड़ी घटना सामने आई है। एक युवक ने किशोरी से छेड़खानी और दुष्कर्म करने की कोशिश की। इससे आहत किशोरी ने छत से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विज्ञापन
उसावां थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने बताया कि वह अपनी पत्नी का इलाज कराने 10 जनवरी को बरेली गया हुआ था। इसी दौरान उनकी पुत्री आलू के खेत में लहसुन की पत्तियां तोड़ने गई थी। आरोप है कि गांव निवासी रोहित उसे जबरन सरसों के खेत में ले गया और उसके साथ छेड़खानी की। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने किशोरी को बचाया। इस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गया।
युवक ने की दुष्कर्म की कोशिश
छेड़खानी से आहत किशोरी ने घर आकर छत से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीण जब पत्नी के साथ घर लौटा तब उसे जानकारी हुई। ग्रामीण के मुताबिक बेटी ने बताया कि उसके साथ युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया और छेड़खानी की। यही वजह रही कि बेटी ने आत्महत्या करने का प्रयास किया।