कछला में चोरी के बाद एक घर में बिखरा पड़ा सामान। स्रोत. गृहस्वामी
उझानी। कछला कस्बे में चोरों ने दो रात में दो लोगों के घर खंगाल डाले। गृहस्वामी और उनके परिवार के सदस्य भैया दूज पर ताला डालकर रिश्तेदारियों में गए हुए थे। पड़ोसियों से जब उन्हें जानकारी हुई तो घर लौटे। उन्होंने सोने-चांदी के कीमती जेवरात और नकदी चोरी की घटना से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने तहकीकात शुरू कर दी है।
वार्ड नंबर- पांच निवासी रवेंद्र सिंह लौनिया चौहान जयपुर में रहतेे हैं। गृहस्वामी के बेटे हर्ष ने बताया कि भैया दूज पर वह पत्नी के साथ बाहर चले गए। चोरों ने रात में किसी समय छत के जरिये घटना को अंजाम दिया। चोर उनके घर से सोने-चांदी के जेवरात के अलावा करीब तीन लाख रुपये निकाल ले गए हैं। कछला नगर पंचायत अध्यक्ष जगदीश सिंह ने हर्ष से घटना के बारे में जानकारी की।
इससे पहले शनिवार रात कछला के वार्ड नंबर- छह निवासी नरेशपाल के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया था। नरेश ने बताया कि चोर उनके घर से 35 हजार रुपये के अलावा सोने-चांदी के जेवरात निकाल ले गए हैं। चोरों ने नरेश और रवेंद्र के घरों में अलमारियों समेत बक्सों को खंगाला था। कपड़े और घरेलू सामान फर्श पर बिखरा पड़ा मिला।
सूचना के बाद तहकीकात में जुटे कछला चौकी इंचार्ज कपिल कुमार ने बताया कि पुलिस की फील्ड यूनिट ने भी मौका मुआयना किया है। हालांकि चोरी की दोनों घटनाओं को पुलिस संदिग्ध मान रही है, लेकिन चौकी इंचार्ज का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।