उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य पद के चुनाव का बिगुल बज चुका है। ब्लाक प्रमुख का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के बाद अब जिला प्रशासन एमएलसी चुनाव की तैयारियों में जुट गया है। जिले में मतदान के लिए कुल 16 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। तीन मार्च को प्रात: आठ से सायं चार बजे तक 2,190 मतदाता वोट डाल सकेंगे। मतगणना छह मार्च को प्रात: आठ बजे से कलेक्ट्रेट में होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी शंभूनाथ ने सात फरवरी को ही अधिसूचना जारी कर दी थी। इसके तहत नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो गई है। 15 फरवरी तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। सोलह फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच और 18 फरवरी को नाम वापसी होगी।
एमएलसी चुनाव में ये करेंगे मतदान
एमएलसी चुनाव के लिए जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के अध्यक्ष एवं सदस्य, निर्वाचन क्षेत्र से संबंधित सांसद और विधानसभा सदस्य मतदान करेंगे।
यहां होगा मतदान
विधान परिषद सदस्य पद के लिए मतदान को क्षेत्र पंचायत कार्यालय दहगवां, क्षेत्र पंचायत कार्यालय सहसवान, नगर पालिका परिषद बिल्सी, क्षेत्र पंचायत कार्यालय इस्लामनगर, क्षेत्र पंचायत कार्यालय आसफपुर, क्षेत्र पंचायत कार्यालय बिसौली, क्षेत्र पंचायत कार्यालय वजीरगंज, क्षेत्र पंचायत कार्यालय सालारपुर, क्षेत्र पंचायत कार्यालय जगत, नगर पालिका परिषद कार्यालय बदायूं, नगर पालिका परिषद उझानी, क्षेत्र पंचायत कार्यालय कादरचौक, क्षेत्र पंचायत कार्यालय समरेर, दातागंज, म्याऊ और उसावां को मतदान केंद्र बनाया गया है।
कौन, कहां डालेगा वोट, यह भी तय
विधान परिषद सदस्य पद के निर्वाचन में कौन मतदाता किस मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेगा, यह भी जिला प्रशासन ने तय कर दिया है। केंद्रों पर सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार क्षेत्र पंचायत दहगवां के 138 मतदाता, ब्लाक दहगवां कार्यालय में बनाए गए मतदान केंद्र पर मतदान करेंगे। सहसवान नगर पालिका परिषद तथा क्षेत्र पंचायत के 183 मतदाता ब्लाक सहसवान कार्यालय, क्षेत्र पंचायत अंबियापुर, नगर पालिका परिषद बिल्सी के 159 मतदाता पालिका के केंद्र पर मत डालेंगे। इस्लामनगर की नगर पंचायत, क्षेत्र पंचायत तथा रुदायन के 139 मतदाता ब्लाक के केंद्र पर, क्षेत्र पंचायत आसफपुर के 139 मतदाता ब्लाक केंद्र पर, नगर पालिका परिषद , क्षेत्र पंचायत तथा नगर पंचायत फैजगंज तथा मुड़िया के 169 मतदाता ब्लाक बिसौली कार्यालय केंद्र पर, वजीरगंज नगर पंचायत, क्षेत्र पंचायत,नगर पंचायत सैदपुर के 125 मतदाता ब्लाक वजीरगंज कार्यालय केंद्र पर, क्षेत्र पंचायत सालारपुर, नगर पंचायत कुंवरगांव के 122 मतदाता ब्लाक सालारपुर कार्यालय केंद्र पर मताधिकार करेंगे। नगर पंचायत सखानू, गुलड़िया तथा क्षेत्र पंचायत जगत के 159 मतदाता ब्लाक जगत कार्यालय केंद्र और नगर पालिका परिषद बदायूं तथा जिला पंचायत के 83 मतदाता पालिका केंद्र पर तथा उझानी नगर पालिका परिषद, क्षेत्र पंचायत, नगर पंचायत कछला के 168 मतदाता पालिका के केंद्र पर वोट डालेंगे। क्षेत्र पंचायत कादरचौक के 108 मतदाता ब्लाक कार्यालय,दातागंज नगर पालिका परिषद, क्षेत्र पंचायत तथा समरेर क्षेत्र पंचायत के 108 मतदाता ब्लाक केंद्र पर मताधिकार करेंगे। क्षेत्र पंचायत म्याऊं,नगर पालिका ककराला, नगर पंचायत अलापुर के 172 मतदाता ब्लाक म्याऊं कार्यालय तथा उसावां की नगर पंचायत, क्षेत्र पंचायत, उसहैत नगर पंचायत के 125 मतदाता ब्लाक उसावां कार्यालय में बनाए गए मतदान केंद्र पर वोट डाल सकेंगे।
एएल जरहाड बनाए गए प्रेक्षक
एमएलसी चुनाव के लिए एएल जरहाड को प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। उनका मोबाइल नंबर 09867205045 है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र प्रसाद यादव ने प्रेक्षक की व्यवस्थाओं के लिए जिला आबकारी अधिकारी को प्रभारी अधिकारी तथा जिला मनोरंजन कर अधिकारी को सहायक प्रभारी अधिकारी नामित किया है।
जिले में निषेधाज्ञा लागू
विधान परिषद निर्वाचन को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिले भर में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। यह आदेश अपर जिला मजिस्ट्रेट प्रशासन अशोक कुमार श्रीवास्तव द्वारा जारी किया गया है।