25 पोलिंग बूथ बनाने को निर्वाचन कार्यालय ने भेजा है प्रस्ताव
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लिए बरेली-मुरादाबाद स्नातक खंड चुनाव में जिले में कितने पोलिंग बूथों पर वोट पड़ेंगे, अभी यह तय नहीं हो सका है। नामांकन हो चुके हैं और तीन फरवरी को मतदान होना है लेकिन मतदान केंद्र तय नहीं हो सके हैं।
इस चुनाव में जिले में 14742 स्नातक मतदाता हैं, जो एमएलसी चुनाव में मतदान करेंगे। इनके लिए 25 पोलिंग बूथ बनाने का प्रस्ताव निर्वाचन आयोग को भेजा गया है, लेकिन एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी चुनाव आयोग से बूथों का अनुमोदन नहीं हो सका है। इससे संशय की स्थिति बनी हुई है। पिछले एमएलसी चुनाव में वोटरों की संख्या अधिक थी, तब 35 पोलिंग बूथ बनाए गए थे। सारे अधिकारी विधानसभा चुनाव की तैयारी में व्यस्त हैं इसके साथ ही एमएलसी चुनाव भी सिर पर होने से इसको लेकर वे गंभीर हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि निर्वाचन आयोग को पत्र भेजकर 25 पोलिंग बूथ बनाने की अनुमति मांगी गई है। वहां से अनुमति आने के बाद ही पोलिंग बूथ की संख्या तय हो जाएगी। उनका कहना है कि पोलिंग बूथों पर सभी तैयारियां लगभग पहले से ही पूरी की जा चुकी हैं, इसलिए कोई समस्या नहीं है। उम्मीद है कि आयोग से जल्द ही पोलिंग बूथों का अनुमोदन मिल जाएगा। अगर कोई बदलाव होता है तो उसके मुताबिक निर्णय लिया जाएगा।