बदायूं। नगर पालिका बदायूं के विकास कार्यों के शिलापट पर सदर विधायक का नाम नहीं लिखा जा रहा है। इसकी शिकायत शासन में हुई तो अनु सचिव ने डीएम से तत्काल इसकी रिपोर्ट तलब की है। इस संबंध में सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश पाल सिंह का कहना है कि शिकायत गलत है, सभी शिलापट पर सदर विधायक का नाम दर्ज किया जा रहा है।
नगर पालिका बदायूं में सड़क और नाले के बड़े स्तर पर कार्य हो रहे हैं। कई परियोजनाएं पूरी भी हो चुकी हैं। आरोप है कि कई कामों के शिलापट पर पालिका अध्यक्ष फात्मा रजा का नाम लिखा जा रहा है, जबकि सदर विधायक का नाम नहीं है।
इस मामले की शिकायत भाजपा के मंडल अध्यक्ष अजय मथुरिया ने डीएम से की। इसके अलावा शासन में भी शिकायत हुई। इस पर अनु सचिव मोहम्मद वासिफ ने डीएम को पत्र लिखकर तत्काल रिपोर्ट मांगी। इसके बाद डीएम ने जांच एडीएम प्रशासन अरुण कुमार को दी।
एडीएम ने जांच कर शिलापटों की फोटो सात दिन के अंदर मांगे। एडीएम प्रशासन अरुण कुमार ने बताया कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस संबध में सिटी मजिस्ट्रेट ने आरोप को गलत बताया है। उनका कहना है कि शिलापट्ट पर विधायक का नाम भी दर्ज किया जा रहा है।
शिलापट्ट पर सदर विधायक का नाम लिखा हुआ है। शासन के आदेशों का पालन किया जा रहा है।
-फात्मा रजा, अध्यक्ष, नगर पालिका