सिलहरी। लूट के इरादे से खड़े दो बदमाशों ने बाइक सवार को रोक लिया। एक ने बैग से तमंचा निकाला तो यह देख युवक ने बाइक दौड़ा दी। इस बीच बदमाशों ने उस पर फायर करने की भी कोशिश की। भागकर युवक गांव पहुंचा और घटना की जानकारी दी। इस पर गांव के तमाम लोग बदमाशों की तलाश में निकल पड़े। उधर, थाना पुलिस को सूचना मिली तो इंस्पेक्टर संजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। जंगल में बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कहीं सुराग नहीं मिल सका।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गांव मौजमपुर निवासी मुनीश बिनावर पेट्रोल पंप पर काम करता है। वह बृहस्पतिवार की रात करीब नौ बजे बाइक से घर लौट रहा था। पराग दूध की फैक्ट्री के पास गांव को जाने वाली सड़क पर जैसे ही बाइक घुमाई तो अंधेरे में खड़े दो लोगों ने बाइक रोक ली। एक ने बैग से तमंचा निकाला, इसी बीच उसने बाइक भगा दी।
बदमाशों ने युवक पर फायर किया, लेकिन मिस हो गया। करीब एक किलोमीटर दूर गांव में जाकर उसने पूरी घटना बताई तो गांव के सैकड़ों लोग हाथों में लाठी डंडे व असलाह लेकर घटना स्थल की ओर बदमाशों की तलाश में भाग निकले। इसी बीच घटना की सूचना थाना पुलिस को दी गई। इंस्पेक्टर संजय सिंह पुलिस के साथ पहुंच गए। बदमाशों की तलाश ग्रामीणों के साथ की लेकिन तब तक वह वहां से गायब हो चुके थे। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। इंस्पेक्टर संजय सिंह का कहना है कि सूचना मिली थी जिस पर मौके पर गया था। कोई व्यक्ति मौके पर नहीं मिला। ग्रामीणों ने जो घटना बताई है उसकी जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद