तमाम जगहों की बिजली उपकेंद्रों तक नहीं पहुंची सप्लाई
जिले मेें शनिवार की रात आई आंधी और बारिश ने बिजली विभाग को लाखों रुपये की क्षति हुई है। यही नहीं तमाम सब स्टेशनों तक बिजली नहीं पहुंच सकी। गनीमत रही कि शहर के पारेषण केंद्र नवादा में कोई नुकसान नहीं हुआ। रोजा से आ रही सप्लाई की मेन लाइन भी पूरी तरह से सुरक्षित रही है। बिजली विभाग के अधिकारी मान रहे हैं कि देहात में एक हजार से अधिक पोल गिरे हैं। इसकी वजह से कई इलाकों की रविवार को भी बिजली सप्लाई चालू नहीं हो सकी।
पारेषण केंद्र नवादा के एसडीओ एके वर्मा ने बताया कि उनके यहां बिजली की सप्लाई रोजा, सीबीगंज बरेली और संभल से मिलती है। जिसे पूरे जिले में बांटते हैं। गनीमत रही कि उनके यहां रात को आई आंधी में किसी नुकसान की सूचना नहीं है। यहां बता देें जिलेभर में बिजली लाइनों के एक हजार से भी अधिक पोल गिर जाने की सूचना है। बिजली विभाग दूरस्थ इलाकों को अभी आकलन भी नहीं करा सकता है। जिन इलाकों में पोल गिरे हैं, वहां के सब स्टेशन और आसपास के इलाकों में बिजली गुल हो गई है। एक्सईएन प्रथम अतुल अग्रवाल ने बताया कि सभी बिजली उपकेंद्रों से सूचनाएं कलेक्ट की जा रही हैं। अनुमान है कि 500 से 1000 पोल गिरे हैं। इनकी संख्या ज्यादा भी हो सकती है। सभी स्थानों से अभी रिपोर्ट आ रही है। दूरस्थ स्थानों तक बिजली कर्मियों के पहुंचने और वहां की रिपोर्ट देने में अभी समय लगेगा लेकिन प्राथमिकता के आधार पर पहले उन स्थानों पर बिजली सप्लाई देने की है जहां लाइनें दुरुस्त हो चुकी हैं।