बदायूं। क्रिसमस पर युवाओं में उत्साह अलग ही अंदाज में दिखाई दिया। लोगों ने एक दूसरे के गले मिलकर बधाई दी। इस दौरान शहर के सभी चर्च आकर्षक ढंग से इलेक्ट्रॉनिक्स झालरों से सजाए गए। कोरोना काल के कारण इस बार चर्च में हालांकि मेलों का आयोजन नहीं किया गया, लेकिन प्रार्थना सभाएं हुईं, जहां लोगों को शांति और प्रेम के रास्ते पर चलने पर बल दिया गया। रात में रोशनी देखने सभी चर्च पर लोगों की भीड़ जुटी रही।
कोरोना काल के बीच में क्रिसमस मनाया गया है। ऐसे में कोरोना का साया क्रिसमस पर हावी रहा। कोविड-19 की वजह से पहली बार क्रिसमस पर होने वाले रात्रिकालीन कार्यक्रम नहीं किए गए। वहीं शुक्रवार सुबह भी चर्च में ज्यादा भीड़ नहीं रही। जो लोग चर्च में पहुंचे वह भी अपने-अपने समूह के साथ में अलग-अलग ही दिखाई दिए। इधर सुबह 10 बजे के बाद में चर्च में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। जिसके बाद में वहां पर उपस्थित लोगों ने प्रभु यीशु मसीह को याद किया और सभी की सलामती के लिए प्रार्थना की। इंदिरा चौक स्थित मेथोडिस्ट चर्च के दिन में ही दरवाजे बंद कर दिए गए। रात में चर्च के बाहर काफी भीड़ रही, वहीं पुलिस लाइन चौराहा स्थित कैथोलिक चर्च के दरवाजे रात में खुले रहे। मेथोडिस्ट चर्च के पादरी ईपी सिंह ने बताया कि कोरोना के चलते मेला, केक वितरण आदि के कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया। इधर, रात में सभी चर्च पर की गई सजावट को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी रही।
दोस्तों संग सेल्फी लेने में व्यस्त रहे बच्चे
जहां सभी लोग कोरोना की वजह से एक-दूसरे से गले मिलने में परहेज कर रहे थे। वहीं बच्चे चर्च में खेल में व्यस्त रहे। कुछ बच्चे मोबाइल पर अपने दोस्त और परिवार के साथ सेल्फी लेते नजर आए। छोटे-छोटे बच्चे सेंटा के ड्रेस भी पहनकर चर्च पहुंचे, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। मेथोडिस्ट व कैथोलिक समेत एमरी मेथोडिस्ट चर्च में लोगों के आने जाने का क्रम चलता रहा। रात में यहां चर्च केे बाहर गुब्बारे, खिलौने आदि बेचने वाले भी जुटे रहे।
चर्च पर लगाई गई थी पुलिस
कोरोना काल के दौरान एक जगह पर भीड़ एकत्र न हो, इसको लेकर सभी चर्च पर जिला प्रशासन के निर्देश पर पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया। सभी चर्च पर सुबह ही पुलिस कर्मी पहुंच गए थे जो आने वाले लोगों को कोरोना के प्रति आगाह भी करते रहे।
क्रिसमस पर जरूरतमंदों को बांटे कंबल
बदायूं। क्रिसमस के अवसर पर अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य मनोज मसीह ने जिले के प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य, पालिकाध्यक्ष दीपमाला गोयल के साथ में जरूरतमंदों के लिए कंबलों का वितरण किया। इस मौके पर मनोज मसीह ने कहा कि गरीब, निर्धन लोगों की मदद करने से मन को काफी राहत मिलती है। समय समय पर उनकी मदद सभी को करते रहना चाहिए। प्रभारी मंत्री व सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा गरीबों के हित में तमाम योजनाएं संचालित की जा रही है, जिसका लाभ भी गरीबों और किसानों को मिल रहा है। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार जनहित में लगातार काम कर रही है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारती, विश्वजीत गुप्ता, सेनरा वैश्य, स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता, जितेंद्र साहू, यश मसीह आदि मौजूद रहे।
बच्चों को बांटी किताबें
बिल्सी। जिला पंचायत सदस्य ममता शाक्य ने शुक्रवार को क्रिसमस के उपलक्ष्य में नगर एवं क्षेत्र के गांव खैरातीनगर में बच्चों को पुस्तक, चॉकलेट एवं लेखन सामग्री वितरित की। उन्होंनेे कहा कि शिक्षा ही एक ऐसा मार्ग है जो हमें तरक्की की ओर ले जाता है। हम सभी को चाहिए कि गरीब बेसहारा परिवार के बच्चों की मदद कर उन्हें शिक्षा के लिए प्रेरित करें। जब हमारे देश के सभी बच्चे पढ़े लिखे होंगे तभी हमारा देश और भी तरक्की करेगा। इस मौके पर टिंकू शाक्य, ऋतु शाक्य, हीरालाल बौद्ध, केपी शाक्य, गंगासहाय शाक्य, मनवीर शाक्य आदि मौजूद रहे।
क्रिसमस पर चर्च में सेल्फी लेते बच्चे। संवाद- फोटो : BADAUN
क्रिसमस पर चर्च में यीशू से प्रार्थना की। संवाद- फोटो : BADAUN