उझानी (बदायूं)। बरेली-मथुरा हाईवे पर कासगंज डिपो की रोडवेज बस और कैंटर में भिड़ंत हो गई, इसके बाद पीछे से खाद लदा ट्रक भी बस में घुस गया। तीन वाहनों के टकराने की तेज आवाज सुनकर छतुइया रेल फाटक के आसपास के दुकानदार और ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने कैंटर के अंदर फंसे चालक को खिड़की तोड़कर बाहर निकाला। बस और कैंटर चालक समेत आठ यात्री घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसा शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे छतुइया रेल फाटक के पास मोड़ पर हुआ। कासगंज डिपो की रोडवेज बस बदायूं से अलीगढ़ जा रही थी तो कैंटर आगरा से बरेली। हादसे के वक्त अधिक कोहरा नहीं था। बताते हैं कि ओवरटेक करते हुए विपरीत दिशा में कैंटर पहुंच गया और रोडवेज बस से भिड़ गया। बस के पीछे चल रहा यूरिया लदा ट्रक का चालक भी हादसा होने पर रफ्तार पर काबू नहीं पा सका और ट्रक पीछे से बस और कैंटर में घुस गया। रोडवेज बस में आठ-नौ यात्री थे, इनमें कासगंज जिले की सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव मुझावली निवासी विशाल दीक्षित (22), शिवम (21), बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव नैथुआ निवासी अहमद नवी (50), मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव पालपुर निवासी विक्रम (28), बस का परिचालक एटा जिले में मिरहची निवासी राकेश राठी (35), चालक कासगंज सिटी निवासी जगदीश (30) समेत आठ लोग घायल हो गए। कुछ यात्री बस से उतर कर निजी क्लीनिक पर इलाज कराके घर चले गए।
कैंटर चालक शाहजहांपुर जिले के खुदागंज क्षेत्र के गांव बरौरा निवासी आलोक (20) घायल होने के बाद काफी देर तक कैंटर में फंसा रहा। उसे ग्रामीणों और दूसरे वाहन में सवार लोगों ने खिड़की तोड़कर बाहर निकाला। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर आवागमन भी प्रभावित रहा।
हादसे की वजह बनी कैंटर चालक की चूक
पुलिस और चश्मदीद लोगों के मुताबिक हादसे में कैंटर चालक आलोक की चूक सामने आई है। हाईवे पर मोड़ होने के बाद भी कैंटर की रफ्तार कम नहीं थी। कैंटर विपरीत दिशा में बढ़ा तो रोडवेज बस चालक ने अपने वाहन को साइड में कच्चे में उतार लिया। चालक ने रोडवेज बस में ब्रेक लगाया तो बस पीछे से उछल गई। बीच में सीटों पर बैठीं दो सवारियां तो झटके में चालक के पास जाकर गिरीं। इसके विपरीत कैंटर के हेल्पर ने पुलिस को बताया है कि चालक को झपकी आ गई थी। हादसे के बाद यूरिया लदे ट्रक का चालक पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके से खिसक गया।