बदायूं। शहर के अल्फा खां सराय जोशी मोहल्ले में अपने घर में नशे की दवाइयां बेचने वाला मेडिकल स्टोर मालिक पकड़ा गया था। उसके घर से 14 प्रकार की नशे की दवाइयां बरामद हुईं थीं। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है। उसके भाई को तलाश किया जा रहा है।
बृहस्पतिवार शाम औषधि निरीक्षक नवनीत कुमार ने अपनी मंडलीय टीम के साथ अल्फा खां सराय जोशी मोहल्ले में श्री सांई मेडिकल स्टोर मालिक के घर पर छापा मारा था। उन्हें सूचना मिली कि स्टोर मालिक अवैध रूप से अपने घर पर नशे की दवाइयां बेच रहा है। इस कार्रवाई के दौरान उसके घर से 14 प्रकार की करीब 25 हजार रुपये की दवाइयां बरामद हुईं थीं।
इस संबंध में देर रात औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोर मालिक गौतम जोशी और उसके भाई अश्वनी जोशी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी मेडिकल स्टोर मालिक गौतम जोशी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसका भाई भागने में कामयाब रहा।