बदायूं। उझानी फीडर पर लगा केबल बॉक्स फुंकने से बुधवार सुबह करीब पांच घंटे तक राजकीय मेडिकल कॉलेज में बिजली की समस्या रही। इसके चलते मरीजों को जांच से लेकर इलाज में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मरीजों को एक्सरे, अल्ट्रासाउंड कराने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। मरीजों की बढ़ती परेशानी को देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज का जनरेटर चलाया गया, तब सारे कार्य हो सके। मेडिकल कॉलेज में करीब 2500 मरीज ओपीडी से लेकर विभिन्न बीमारियों का उपचार कराने पहुंचे थे।
बुधवार को उझानी कस्बे के बिजली फीडर पर केबिल बॉक्स फुंकने के कारण मेडिकल कॉलेज में अंधेरा छा गया। उझानी फीडर से ही यहां पर बिजली की सप्लाई दी जाती है। बिजली न रहने से मरीज परेशान होने लगे। पर्चे भी ऑफलाइन माध्यम से ही बनाए गए। खाली पेट अल्ट्रासाउंड कराने पहुंचे मरीजों ने इंतजार करते- करते परेशान होने लगे। करीब पांच घंटे तक बिजली न रहने से यहां पर कामकाज पर काफी असर रहा।
वर्जन-
उझानी फीडर में केबिल बॉक्स फुंकने की वजह से विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई थी। टीम भेजकर उसे ठीक कराया गया है। अब कोई समस्या नही है।
प्रशांत वार्ष्णेय, एसडीओ बिजली
-
उझानी फीडर में खराबी के चलते राजकीय मेडिकल कॉलेज में करीब चार से पांच घंटे बिजली सप्लाई बाधित रही। जनरेटर चलवाकर बिजली आपूर्ति सुचारु कराई गई। मरीजाें को इलाज में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई है।
प्रोफेसर डॉ. अरुण कुमार, प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज