बदायूं। राजकीय मेडिकल कॉलेज के लिए शासन ने 40 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। इससे मेडिकल कॉलेज के अधूरे पड़े निर्माण कार्य पूरे किए जाएंगे। पिछले आठ माह से मेडिकल कॉलेज में धनराशि के अभाव में निर्माण कार्य रुका हुआ था। चूंकि आने नए सत्र में एमबीबीएस की नई कक्षाएं शुरू होगी, जिसमें विद्यार्थी प्रवेश लेंगे, ऐसे में द्वितीय वर्ष में पहुंचने वाले विद्यार्थियों के लिए कक्षाओं, लैब आदि की जरूरत होगी। अब धनराशि मिलने पर उनमें जो कमियां है, साथ ही कई अन्य निर्माण कार्य जो धनराशि के अभाव में रुके हुए थे, अब वह पूर्ण हो सकेंगे।
सपा शासनकाल में उझानी रोड पर स्थित गांव गिनौरा वाजिदपुर के पास में पांच अरब 45 करोड़ 21 लाख 22 हजार की लागत से बनने वाले राजकीय मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखी गई थी, जिसके निर्माण के लिए 20 दिसंबर 2013 को पहली किस्त के रूप में 13 करोड़ रुपये कॉलेज के निर्माण के लिए मिले थे। धनराशि मिलने के बाद में राजकीय निर्माण निगम की तरफ से काम किया गया। वहीं तीन माह बाद निर्माण निगम को फिर से पांच करोड़ रुपये मिल गए, जिसके चलते निर्माण कार्य तेजी से होता रहा। वहीं अक्तूबर 2015 में राजकीय मेडिकल कॉलेज की ओपीडी शुरू हो गई थी। इसके बाद में शासन ने चिकित्सा उपकरणों की खरीद के लिए भी 20 करोड़ रुपये धनराशि जारी की थी। इस धनराशि से चिकित्सा उपकरणों की खरीद की गई थी। ऐसे में शासन के द्वारा 22 मार्च 2019 तक 18 बार में चार अरब 38 करोड़ 52 लाख रुपये राजकीय निर्माण निगम को दिए गए हैं।
-शासन द्वारा जो धनराशि राजकीय निर्माण निगम को मुहैया कराई गई हैं। उससे एमबीबीएस के द्वितीय वर्ष के लिए लैब, कक्षाएं, अधूरे पड़े गर्ल्स हॉस्टल बिल्डिंग, बिजली से संबंधित काम को प्राथमिकता दी जाएगी।
-राजकीय निर्माण निगम द्वारा राजकीय मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया जा रहा है। आठ माह पहले शासन द्वारा मार्च 2019 को पांच करोड़ की धनराशि का पेमेंट किया गया था। उसके अब तक शासन द्वारा निर्माण निगम को एक भी धनराशि का पेमेंट नहीं किया गया, जिसकी वजह से मेडिकल कॉलेज में कई काम अधूरे पड़े हुए हैं।
- 20 दिसंबर 2013 को राजकीय मेडिकल कॉलेज के लिए पांच अरब 45 करोड़ 21 लाख 22 हजार रुपये की स्वीकृति शासन द्वारा प्रदान की गई थी। उसके बाद में 31 मार्च 2017 के लिए इसकी मूल लागत पुनरीक्षित की गई, जिसके बाद में मेडिकल कॉलेज बनाने के लिए छह अरब 46 करोड़ 11 लाख 21 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई। इसमें अभी तक चार अरब 78 करोड़ 52 लाख 24 हजार रुपये का पेमेंट किया जा चुका है, जिसमें यह 40 करोड़ की धनरा-शि भी शामिल है।
शासन द्वारा 40 करोड़ रुपये राजकीय मेडिकल कॉलेज के लिए दिए गए हैं। इस धनराशि के मिलने के बाद में मेडिकल कॉलेज में अधूरे पड़े कामों को पूरा कराने का कार्य शुरू किया जाएगा।
- फकीर चंद्र, सहायक अभियंता, राजकीय निर्माण निगम