बदायूं। शहर के खैराती चौक स्थित एक रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान में रविवार दोपहर अचानक बिजली के शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सिटी मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी और दो थानों का पुलिस बल भी घटनास्थल पर मौजूद रहा। लगातार नगर पालिका से पानी की सप्लाई टैंकरों से की गई। करीब चार घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका है। घटना को लेकर पूरे शहर में अफरातफरी का माहौल रहा। अग्निकांड में करीब 50 लाख के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
खैराती चौक से सब्जी मंडी जाने वाली सड़क पर ज्योति स्टोर्स नाम से एक बड़ी रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान है। रविवार होने के कारण दुकान बंद थी। सुबह करीब 10:15 बजे जब दुकान से धुएं का गुबार और आग की लपटें उठने लगीं तो आसपास के व्यापारियों ने दुकान मालिक ज्योति वैश्य को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे ज्योति वैश्य ने जब शटर उठाने का प्रयास किया, तो वह काफी गर्म था।
दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से दुकान की दीवार हटवाकर आग बुझाने का काम शुरू किया गया। इसी दौरान आग दुकान की दूसरी मंजिल तक फैल गई, जिससे आसपास के व्यापारियों में भी हड़कंप मच गया। नगर पालिका के टैंकरों के साथ-साथ चार अतिरिक्त फायर टेंडर भी घटनास्थल पर बुलाए गए। सदर कोतवाली और सिविल लाइंस थानों की पुलिस के साथ सीओ सिटी ने भी पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया।
लगभग चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया। हालांकि, कपड़ों में लगी आग के कारण अपराह्न बाद भी दुकान के अलग-अलग स्थानों से धुआं और हल्की लपटें उठती रहीं। सीएफओ रामराजा यादव ने बताया कि पांच दमकल की गाड़ियां सक्रिय रूप से काम कर रहीं हैं। उन्होंने कहा कि धुआं पूरी तरह से खत्म होने में कुछ समय लगेगा, लेकिन आग लगभग बुझाई जा चुकी है। हादसे के कारणों की जांच में पुलिस जुटी है।
पीड़ित व्यापारी ने बताया कि इस अग्निकांड में करीब 45 से 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि ईद की खरीदारी के चलते दुकान में भारी मात्रा में सामान मौजूद था। व्यापारी के अनुसार, आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है।
रेडीमेड के बड़े व्यापारी हैं ज्योति
ज्योति वैश्य रेडीमेड के थोक व रिटेल के बड़े व्यापारियों में से एक हैं। बताया जा रहा है कि गोदाम समेत दुकान में करोड़ों का माल हर समय मौजूद रहता है। आग लगने से भारी नुकसान से परिवार में कोहराम है। परिजनाें का रो-रोकर बुरा हाल है।
दुकान के बाहर शार्ट सर्किट से आग लगने का अनुमान
दुकान के स्वामी ज्योति वैश्य ने बताया कि दुकान के बाहर बिजली के तार आपस में लड़ने के बाद दुकान की मैन सप्लाई में शार्ट सर्किट होने से आग लगने का अनुमान लगाया जा रहा है। उनका कहना है कि कई बार पहले भी चिंगारी निकलीं, जिसकी व्यापारियों ने निगम के अधिकारियों से शिकायत भी की थी, लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
चार घंटे तक अन्य दुकानदारों की थमीं रहीं सांसें
सब्जी मंडी के आसपास पूरे बाजार में सभी बड़े व थोक के ही व्यापारी हैं। आग लगाने के बाद से जब तक आग पर काबू नहीं पाया गया तब तक दुकानदारों की सांसें अटकी रहीं। चार घंटे तक बाजार में अफरातफरी का माहौल बना रहा। आग पर काबू पाए जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। देर शाम तक दुकान से धुंआ निकलना बंद नहीं हुआ। अधिकांश दुकानें रविवार की वजह से बंद ही थीं।
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी के साथ टीम को मौके पर भेज दिया गया। कर्मचारियों की कड़ी मशक्कत के बाद करीब चार घंटे के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझाने के साथ ही आसपास की दुकानों को बचाना बहुत आवश्यक था। टीम ने अपनी मेहनत से आसपास की दुकानों तक आग नहीं पहुंचने दी। व्यापारी के नुकसान का आंकलन तहसील की टीम करेगी। - रामराजा यादव, सीएफओ, बदायूं
दमकल विभाग की टीम के साथ ही दुकानदारों ने भी आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत की है। तीन दुकानों व एक बड़े गोदाम में माल भरा था। गोदाम बेसमेंट में होने की वजह से आग पर काबू पाने में चार घंटे लग गए। अब आग पूरी तरह से काबू में हैं। धुंआ तो निकलता रहेगा। आग के नुकसान का आंकलन करके रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी, ताकि पीड़ित को मुआवजा मिल सके। -सुरेश पाल सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट, बदायूं
व्यापारी नेता ने की मुआवजे की मांग
बदायूं। शहर में हुए अग्निकांड पर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के जिलाध्यक्ष नवनीत गुप्ता शोंटू ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। कहा कि अग्निकांड से व्यापारी का भारी नुकसान हुआ है। पूरा परिवार सदमे में हैं। ईद और होली के त्योहार के चलते काफी माल स्टॉक किया गया था। अग्निकांड से सब कुछ जलकर खाक हो गया। जिलाध्यक्ष ने शासन प्रशासन से पीड़ित परिवार के लिए आपदा कोष से मुआवजा देने की मांग की है। संवाद
जले हुए सामान को हटाते हुए कर्मचारी। संवाद
जले हुए सामान को हटाते हुए कर्मचारी। संवाद
जले हुए सामान को हटाते हुए कर्मचारी। संवाद
जले हुए सामान को हटाते हुए कर्मचारी। संवाद
जले हुए सामान को हटाते हुए कर्मचारी। संवाद
जले हुए सामान को हटाते हुए कर्मचारी। संवाद