सहसवान नगर निवासी इंद्रजीत और सौरभ की अकबराबाद में कपड़े की दुकान है। थान वाला कपड़ा और रेडीमेड कपड़े बेचे जाते हैं। शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे अपनी दुकान को बंद करके गए थे। कुछ देर में उनकी दुकान में आग लगने की सूचना उन्हें मिली। इस पर वह मौके पर पहुंचे। वहां देखा कि दुकान से आग की लपटें बाहर निकल रही थीं। सूचना पर अग्निशमन विभाग की दो गाड़ी और पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान पुलिस ने आसपास जुटी भीड़ को घटनास्थल के आसपास से हटाया। अग्निशमन विभाग की टीम ने दो गाड़ियों से करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात करीब नौ बजे दुकान से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ था। कुछ ही देर में आग की लपटें गेट से बाहर निकलने लगीं। बाजार में मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें तेज होती गईं थीं। पुलिस ने भीड़ को घटनास्थल से दूर करके व्यवस्था संभाली। सीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। अभी नुकसान की जानकारी नहीं मिली है। राजस्व टीम आकलन करेगी।