दातागंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव गलौथी में सोमवार सुबह एक राजमिस्त्री का शव खंती में मिला। मौके पर ही उसकी क्षतिग्रस्त बाइक मिली। पिता ने एक ग्रामीण पर हत्या का शक जताते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने हत्या व साक्ष्य छिपाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हादसा बताया गया है।
गांव गलौथी निवासी राजमिस्त्री बदन सिंह (40) क्षेत्र के ही गांव गनगोला निवासी नहरउद्दीन के मकान का निर्माण कर रहे थे। 29 जून को वह बाइक से नहरउद्दीन के घर गए। देर रात तक वह घर नहीं लौटे। सोमवार सुबह करीब पांच बजे गलौथी गांव के बाहर एक खंती में बदन सिंह का शव मिला। पास में ही क्षतिग्रस्त बाइक मिली। मुंह से खून निकल रहा था। सिर पर चोट के गंभीर निशान थे। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना पर दातागंज कोतावली पुलिस भी आ गई। इसके बाद शव पोस्टमॉर्टम को भेजा गया।
पिता रामपाल ने बेटे की हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी। आरोप है कि उनका बेटा नहरउद्दीन के मकान का निर्माण करने गया था। जब देर तक नहीं लौट तो पुत्रवधू ने फोन किया। उसका फोन नहरउद्दीन ने रिसीव करके बताया कि बदन सिंह घर नहीं आएंगे। वह उनके मकान पर ही रुके हुए हैं। इसके बाद परिजनों ने उनका इंतजार करना बंद कर दिया। सुबह खंती में उसका शव मिला। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नहरउद्दीन के खिलाफ हत्या व साक्ष्य छिपाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। दातागंज कोतवाल गौरव विश्नोई ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सड़क हादसे में मौत की पुष्टि हुई है।
पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
परिजनों ने बताया कि बदन सिंह राजमिस्त्री का कार्य करके अपने पांच बच्चों की परवरिश कर रहे थे। इनमें दो बेटे व तीन बेटियां है। बदन सिंह की मौत से बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी उनकी पत्नी के कंधों पर आ गई। राजमिस्त्री की मौत से पांच बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
बदन सिंह का फाइल फोटो।