अलापुर। थाना क्षेत्र के गांव उघैनी निवासी विनीता का शव घर पर चारपाई पर मायके वालों को मिला है। उन्होंने पति समेत ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव जिला मुख्यालय भेजा है। टीम जांच में जुट गई है।
गांव उघैनी निवासी बालकरम की शादी 15 साल पहले जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव मलिकपुर बिचौला निवासी विनीता के साथ हुई थी। ममेरे भाई रूम सिंह ने बताया कि रविवार को बालकराम ने मछली बनवाई और शराब पीने लगे। इसी दौरान विनीता के पति ने परिवार के साथ मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग पहुंचे तो विनीता का शव चारपाई पर पड़ा था। परिवार के लोग घर से लापता थे। उसके माता-पिता का बचपन में देहांत हो गया था। शादी मौसा समेत अन्य रिश्तेदारों ने मिलकर की थी। पति बालकराम शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था। दिन भर मजदूरी करके जो भी रुपये मिलते वह उनसे शराब पी लेता। घर में खाने-पीने के लिए कुछ भी नहीं लाता।
इसी बात पर दोनों में अक्सर झगड़ा भी होता था। मौसा या मामा कभी उसके खर्च के लिए रुपये दे जाते थे तो वह भी मारपीट कर छीन लेता था। हत्या का आरोप लगाते हुए विनीता के मौसा प्रेमशंकर ने पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर उदयवीर सिंह ने बताया कि मृतका के मौसा की तहरीर पर शव जिला मुख्यालय भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
विषाख्त पदार्थ खाने से युवक की मौत
- कई दिन से पत्नी से हो रही थी पारिवारिक कलह
संवाद न्यूज एजेंसी
जरीफनगर। थाना क्षेत्र के गांव मलिकपुर बिचौला निवासी हरिओम (28) पुत्र सुभाष गुप्ता ने पत्नी से विवाद के बाद जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों काे भनक लगी जो उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर आए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के भाई वीरेश कुमार का कहना है कि भाई का उसकी पत्नी से किसी बात को लेकर रविवार को झगड़ा हो गया था। वह गांव की बाजार गया और विषाक्त पदार्थ लाकर खा लिया। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां पर उपचार के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला मुख्यालय भेज दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी देते मृतिका बिनीता के परिजन व रिश्तेदार । संवाद
घटना की जानकारी देते मृतिका बिनीता के परिजन व रिश्तेदार । संवाद