बदायूं। संदिग्ध हालत में विवाहिता की मौत हो गई। पिता ने दहेज हत्या की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर जांच शुरू की है।
बिनावर थाना क्षेत्र के गांव बिछुरईया के रहने वाले मृतका के पिता वीरपाल ने बताया कि बेटी निर्मला की शादी दो साल पहले मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव महरोली निवासी प्रेम सिंह के साथ की थी। शादी के बाद से ही पति व ससुराल के लोग दो लाख रुपये की मांग करते हुए निर्मला को प्रताड़ित कर रहे थे। बृहस्पतिवार को मायके पक्ष के लोग शादी का कार्ड देने निर्मला के घर पहुंचे तो वह दिखाई नहीं दी। परिवार वालों से पूछा कि निर्मला कहां तो बहानेबाजी करने लगे। शक होने पर कमरे के अंदर जाकर देखा तो उसका शव पड़ा था। यह देख मायके वालों के होश उड़ गए। गांव में सूचना देकर अन्य परिजनों को बुला लिया गया। पिता ने पति, ससुर, सास, चचिया ससुर व जेठ के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर अशोक कंबोज ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।