कादरचौक। थाना क्षेत्र के गांव बेहटा डंबर नगर में रविवार रात 26 वर्षीय विवाहिता गुलताज की मौत हो गई। मायके वालों का आरोप है कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। उन्होंने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
नजदीकी गांव मोहम्मदगंज निवासी शमशाद अली के मुताबिक, उन्होंने करीब एक साल पहले अपनी बेटी गुलताज का निकाह एक किलोमीटर दूर बेहटा डंबर नगर के तालिब के साथ किया था। उन्हाेंने निकाह में अपनी हैसियत के अनुसार काफी दहेज दिया था, लेकिन उससे तालिब और उसके परिवार वाले खुश नहीं थे। वह गुलताज का उत्पीड़न कर रहे थे। वह लगातार दहेज में कार मांग रहे थे। जब उन्हाेंने कार देने से इन्कार कर दिया तो उसके साथ मारपीट करने लगे।
आठ मार्च की रात उनकी बेटी ने कॉल करके बताया कि तालिब, सास मौसना और ननद सोनम उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। वह कह रहे हैं कि अगर वह कार लेकर नहीं आएगी तो वह उसे जान से मार देंगे। सोमवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि ससुराल वालों ने गुलताज की हत्या कर दी है और वह घर में ताला डालकर भाग गए हैं। इससे वह मौके पर पहुंच गए। उनकी सूचना पर थाना पुलिस आ गई। दोपहर के समय पुलिस ने विवाहिता के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। इस संबंध में पुलिस ने तालिब, मौसना और सोनम के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। एसओ उदयवीर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई है। इससे विवेचना कराई जा रही है।