बदायूं। सहसवान इलाके में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायका पक्ष ने ससुराल वालों के खिलाफ दहेज की खातिर जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में विवाहिता की मौत की वजह बीमारी बताई गई है।
ग्राम डकारा पुख्ता थाना सहसवान निवासी बंटी की पत्नी नीरज (28) का तीन दिन से बरेली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। पिता नरेश पाल के मुताबिक तीन दिन पहले ससुराल वालों ने नीरज को जहर दे दिया था, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई थी। इसके बाद ससुराल वाले ही उसे बरेली ले गए थे। मंगलवार रात उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। ससुराल वाले शव को घर ले आए। इस बारे में उन्हें तब पता चला जब वह परिवार के साथ डकारा पुख्ता पहुंच गए। उसके बाद फोन करके पुलिस को बुला लिया। उन्होंने नीरज के पति बंटी समेत परिवार वालों के खिलाफ तहरीर दी है।
इधर, बुधवार दोपहर कराए गए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में विवाहिता की मौत का कारण बीमारी बताया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को मायके वालों को सौंप दिया है। विवाहिता के तीन बच्चे हैं। इस संबंध में इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत की वजह बीमारी आई है। मामले की जांच कराई जा रही है।