शौच करने गई विवाहिता को गांव के ही एक व्यक्ति ने तमंचे के बल पर खेत में दुष्कर्म किया। पति जब इसकी शिकायत लेकर आरोपी के घर गया तो उस पर लाठी से वार कर घायल कर दिया गया। इस घटना के सात दिन गुजर जाने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की, न ही पीड़िता का मेडिकल कराने की जरूरत समझी।
ये घटना मूसाझाग थाना क्षेत्र के एक गांव में 26 अगस्त को शाम साढ़े सात बजे की है। करीब बीस वर्षीय विवाहिता महिला खेत पर शौच करने गई थी। आरोप है कि उसी वक्त पड़ोस में रहने वाला युवक भी वहां आ धमका। उसने तमंचा दिखाकर उसे चुप रहने की हिदायत दी। जान से मार देने की धमकी देकर उसके साथ रेप किया। तभी गांव का एक ग्रामीण उधर से गुजरा तो विवाहिता ने शोर मचा दिया, इस दौरान आरोपी युवक भाग गया।
रात को बदायूं से लौटे पति को विवाहिता ने घटना के बारे में बताया। पति युवक के घर गया, तो युवक के पिता ने उसको लाठी मारकर घायल कर दिया। पीड़िता अगले दिन पति के साथ रिपोर्ट दर्ज कराने थाने गई तो पुलिस ने तहरीर रख ली और उनको वहां से घर जाने को कह दिया। 28 अगस्त को वह दंपति फिर थाने गए तो पुलिस ने उल्टा हड़का दिया। अब पति ने एसएसपी को पत्र भेजकर मांग की है कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाए। एसएसपी ने जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
महिला के कपड़े फाड़े, की अश्लील हरकतें
बदायूं। ककराला के वार्ड 17 निवासी एक महिला के साथ पड़ोस के दो लोगों ने न सिर्फ बदसलूकी की, बल्कि उसके कपड़े फाड़कर अश्लील हरकतें कीं। महिला पुलिस से शिकायत करने गई तो उसको टरका दिया गया।
महिला ने एसएसपी को दिए गए पत्र में बताया कि उसका शौहर बीमार है। बेटा तांगा चलाता है। 30 अगस्त को पड़ोस के ही दो लोग उसके बेटे को जबरन 50 रुपये में तांगा किराए पर ले जाने लगे, जबकि उसने सौ रुपये मांगे। इस पर दोनों ने बेटे को गालियां दीं। ये देखकर वह बेटे के पास आई। उसने दोनों लोगों को गालियां देने से मना किया, तो वह उस पर हमलावर हो गए। आरोप है कि महिला के कपड़े फाड़ दिए। उससे अश्लील हरकतें कीं। वह उसी दिन उसी हालत में थाने गई, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। अब आरोपी उसके बेटे की पकड़ कराने की धमकी दे रहे हैं। पीड़िता ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।