अलग-अलग डिजाइन की राखियां खूब भा रही हैं लोगों को
रक्षाबंधन को लेकर बाजार सज चुका है। त्योहार को लेकर बहनें तैयारियों में जुटी हुई हैं। बाजार में भी रौनक बढ़ गई है। अलग-अलग डिजाइनों की राखियां बहनों को खूब पसंद आ रही हैं।
बाजार में इस समय राखियों की कई वैरायटी उपलब्ध हैं, जिसमें मोती, चमकीली और फैंसी राखियों की डिमांड ज्यादा है। बच्चों को लुभाने के लिए डिजाइनर और उनके पसंदीदा किरदार की राखियां भी बाजार में हैं। गुरुवार को बहनें राखियां खरीदने के लिए शहर के बाजार में नजर आईं। गिफ्ट की दुकान हो या राखियों की, सभी जगह खरीदारों की भीड़ दिखी। --
मिठाई और फलों की बिक्री बढ़ी रक्षाबंधन को लेकर बाजार में दुकानदारों ने सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मिठाई के दामों में भी 20 से 30 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बढ़ोतरी देखने को मिल रही हैं तो वहीं फलों के दाम भी महंगाई छूने लगे हैं। मिठाई विक्रेता अरुण बताते हैं कि उन्होंने तरह-तरह के मेवा से बनीं मिठाइयां तैयार करकर रख ली हैं। ग्राहकों को हर प्रकार की मिठाई पसंद आ रही है।
सुबह 11.07 से दोपहर 1.50 का है शुभ मुहूर्त
-पंडित ग्रीश शर्मा बताते हैं कि सुबह 11.07 बजे से दोपहर 1.50 बजे तक राखियां बांधने के लिए शुभ समय है। इसी दिन चंद्र ग्रहण भी है जो रात्रि 10.52 से शुरू होकर 12.22 तक रहेगा। चंद्र ग्रहण से 9 घंटे पूर्व सूतक लग जाएगा। इससे पहले भद्रा का प्रभाव रहेगा। चंद्रग्रहण पूर्ण नहीं होगा बल्कि खंग्रास होगा। इसके अनुसार भद्रा योग और सूतक में राखी नहीं बांधनी चाहिए।
12 साल बाद बना है ऐसा संयोग 12 साल बाद चंद्रग्रहण और रक्षाबंधन एक दिन होंगे। सात अगस्त सोमवार को राखी के दिन ही पहले भद्रा का असर रहेगा और बाद में सूतक लग जाएगा। इससे पहले 2005 में रक्षाबंधन के दिन चंद्रग्रहण का संयोग बना था।
बहनों के लिए खरीद रहे गिफ्ट्स ऐसा नहीं है कि त्योहार को लेकिन सिर्फ बहनें ही तैयारियों में लगी हों। भाई भी रक्षाबंधन के लिए बाजार में खरीदारी कर रहे हैं। शहर के प्रमुख गिफ्ट्स स्टोर पर आकर्षक गिफ्ट्स उपलब्ध हैं।