बिल्सी थाना क्षेत्र के अकोली गांव के समीप एक युवक का शव खेत में पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की, लेकिन युवक की पहचान नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है।
बदायूं के बिल्सी थाना क्षेत्र के अकोली गांव के बाहर एक खेत में मंगलवार को एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने हत्या कर युवक का शव जंगल में फेंके जाने की आशंका जताई है। मृतक की पहचान नहीं हुई। पुलिस ने उसकी पहचान कराने में जुट गई है।
विज्ञापन
गांव अकोली के खेतीहर से मंगलवार दोपहर कुछ ग्रामीण खेत से घर लौट रहे थे, तभी उन्हें खेत में एक युवक का शव दिखाई दिया। युवक की उम्र करीब 40 साल होगी। खबर मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की पहचान कराने के लिए ग्रामीणों से जानकारी जुटाई, लेकिन ग्रामीणों ने शव पहचानने से इंकार कर दिया। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम को भिजवाया। पुलिस ने पहचान कराने के लिए शव के फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए हैं। इसके साथ ही सीमावर्ती थानों की पुलिस को घटना से अवगत कराया है। इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। शव की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।