इस्लामनगर। गांव नौना में तहेरे देवर की अभद्र टिप्पणी से नाराज पत्नी के मायके जाने और बुलाने के लिए हुई पंचायत के बाद भी न लौटने से क्षुब्ध विनोद (28) ने विषाक्त पदार्थ खाकर जान दे दी। मृतक के ममेरे भाई की ओर से पुलिस को दी गई सूचना पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम कराया गया।
गांव नौना निवासी विनोद यादव छोटे किसान थे। वह खेती और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण किया करते थे। उनके छोटे भाई प्रमोद ने बताया कि भाभी सत्यवती देवी उर्फ सुथरी को लेकर विनोद और तहेरे देवर के बीच बीते मंगलवार को विवाद हो गया था।
आरोप है कि तहेरे देवर ने इस दौरान कोई अभद्र टिप्पणी कर दी थी। इससे नाराज होकर भाभी सत्यवती अपने मायके कादरचौक क्षेत्र के एक गांव चली गई थीं। बुधवार को विनोद अपने ताऊ, चाचा और ताऊ के बेटे के साथ पत्नी को बुलाने मायके गए थे। इस मामले को लेकर पंचायत भी हुई, जिसमें भविष्य में ऐसी टिप्पणी नहीं करने की बात कही गई।
बावजूद इसके सत्यवती नहीं लौटीं। ससुराल से विनोद नाराज होकर लौट आए। परिजनों का कहना है कि उन्होंने आरोपी तहेरे देवर के खिलाफ पुलिस को शिकायत भी दी थी। घर लौटते समय विनोद ने रास्ते में विषाक्त पदार्थ खा लिया। जानकारी होने पर परिजन उन्हें चंदौसी ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू ने बताया कि मृतक के ममेरे भाई की सूचना पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।