ट्रेन की चपेट में आने से मृतक शव को लेकर जाती जीआरपी पुलिस। संवाद
- फोटो : 1
बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में रेलवे विद्युत उपकेंद्र के पास बृहस्पतिवार दोपहर कासगंज-बरेली पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर जीआरपी और सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान ट्रेन करीब पौन घंटे तक खड़ी रही। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार, हादसे में व्यक्ति का एक हाथ कट गया। जीआरपी पुलिस शव को ट्रेन में रखकर बदायूं स्टेशन ले गई। इसके बाद ट्रेन स्टेशन से करीब 15 मिनट की देरी से आगे रवाना हो सकी। ट्रेन से शव उतारे जाने के दौरान अफरातफरी का माहौल बना रहा।
सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि शव को जीआरपी पुलिस अपने कब्जे में लेकर गई है। सिविल लाइंस पुलिस मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।