यह घटना शनिवार दोपहर करीब 12 बजे की है। उस दौरान ग्राम जगत में चौराहे पर तमाम लोग बाल काटने की संजय की दुकान पर बैठे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसी समय गांव का धर्मेंद्र (30) पुत्र रामप्रसाद शराब के नशे में धुत्त होकर वहां पहुंचा और दुकान पर बैठे लोगों से कहने लगा कि उसके यहां 1500 रुपये गिर गए थे। किसने रुपये उठाये हैं। जब लोगों ने रुपये गिरने से मना किया तो वह दुकानदार संजय से उलझ गया। उसके साथ गालीगलौज कर दी और उसकी दुकान में घुस गया। उसने दुकान में रखा उस्तरा उठा लिया और शराबी युवक ने अपना गला काट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हालांकि युवक ने खुद ही वहां पड़ी पन्नी उठाकर अपनी गर्दन पर लपेट ली। यह देखकर मौके पर तमाम लोग आ गए। उन्होंने तुरंत यूपी 112 पुलिस को सूचना दे दी, जिससे कुछ ही देर में पुलिस भी पहुंच गई और युवक को जिला अस्पताल ले गई। बाद में उसके परिवार वाले भी जिला अस्पताल पहुंच गए। उसके बाद युवक को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
वहां भी युवक ने अपनी मां मुन्नी के साथ हाथापाई कर दी। यह देखकर डॉक्टरों और कर्मचारियों ने बीच बचाव किया। काफी देर तक उसने उपचार नहीं होने दिया। जैसे-तैसे डॉक्टरों ने उसका उपचार किया और उसे परिवार वालों के साथ घर भेज दिया। परिवार वालों का कहना है कि युवक सुबह से शराब पी रहा था। शनिवार को उनके घर में बाबा की तेहरवी थीं। परिवार के लोग तेहरवीं में लगे थे। दूसरी ओर युवक ने यह घटना कर दी। हालांकि युवक दुकानदार पर ही उस्तरा मारने का आरोप लगा रहा है।
यह घटना तमाम लोगों के सामने हुई थी। हम भी मौके पर पहुंचे थे। लोगों ने बताया कि युवक काफी नशे में था। वह अपने रुपये गिरने की बात कहकर हंगामा कर रहा था और देखते ही देखते नाई की दुकान में घुस गया। उसने उस्तरा लेकर अपना गला काट लिया। उसने मेडिकल कॉलेज में भी हंगामा किया। अपनी मां के साथ हाथापाई की। अब उसे घर भेज दिया गया है। - हरपाल सिंह बालियान, इंस्पेक्टर अलापुर