बिनावर (बदायूं)। गुरुवार दोपहर बरेली-बदायूं हाईवे पर एक लग्जरी कार ने बाइक सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। हादसे में बेटे की मौत हो गई जबकि पिता घायल हो गया। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है। वहीं, युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बताया जाता है कि कार बुलंदशहर से बदायूं आ रही थी। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
थाना क्षेत्र के ग्राम अमृतपुर निवासी सुनील (18) गुरुवार दोपहर अपने पिता राजपाल को दवा दिलाकर शहर से लौट रहा था। बिनावर से निकलकर जैसे ही उसकी बाइक बरखेड़ा गौटिया के सामने पहुंची कि तभी बुलंद शहर से आ रही एक कार ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों को गंभीर हालत में बरेली भेज दिया जहां डॉक्टरों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया। इधर, पुलिस कार और उसके चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। शाम चार बजे परिवार वाले युवक का शव लेकर थाने पहुंचे। उन्होंने कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद युवक के परिवार में कोहराम मचा रहा।