दस दिन से चल रहे गणेश महोत्सव में स्थानीय व बाहर से आए कलाकारों ने सुंदर झांकियां व रासलीला की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। लट्ठमार व फूलों की होली आकर्षण का केंद्र रही। भजन, कीर्तन पर देर रात तक भक्ति में लीन श्रद्धालु झुमते रहे।
जय दुर्गा शिव शक्ति युवा सेवा समिति, दातागंज के तत्वावधान में चल रहे गणेश महोत्सव में गणेश भक्तों का रेला उमड़ रहा है। यहां श्रद्धालु जहां भगवान की महिमा का गुणगान सुन रहे हैं। वहीं कलाकारों की ओर से प्रस्तुत किए जा रहे भक्ति कार्यक्रमों का आनंद भी उठा रहे हैं। मंगलवार को स्थानीय कलाकारों ने शिव-विवाह का मंचन किया। इसके उपरांत लट्ठमार होली हुई। राधा-कृष्ण समेत अन्य देवी-देवताओं की झांकियां प्रस्तुत की गईं। वहीं रासलीला मंचन देख भक्त झूमते नजर आए। अध्यक्ष शैंकी अग्रवाल ने बताया कि बुधवार को भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसकी समस्त तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 15 को विसर्जन होगा। इस अवसर पर गोली सिंह, नितिन गुप्ता, अच्छू गुप्ता, सुभाष सैनी, अमन गुप्ता, राजू पंडित, मयंक गुप्ता, सोनू सिंह आदि का सहयोग रहा।