वजीरगंज में हादसा, धमाके से कोठरी की दीवारें ढहीं
गार्ड गंभीर रूप से घायल, बरेली में भर्ती कराया गया
कस्बे के गोठा रोड स्थित इंडेन रसोई गैस के गोदाम के पास गोदाम गार्ड के चौकीदार की कोठरी में रविवार रात धमाका हो गया। इससे कोठरी ढह गई और यहां सो रहा गार्ड अफसर गंभीर घायल हो गया। उसे इलाज के लिए बरेली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोठरी में विस्फोट कैसे हुआ इस बारे में पता नहीं लग सका है। इतना जरूर कहा जा सकता है कि अगर पास हमें ही गैस गोदाम में आग पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
वजीरगंज कस्बे में गोठा रोड पर इंडेन गैस का गोदाम है। गोदाम के पास ही गार्ड के रहने के लिए कोठरी है। यहां गोदाम का गार्ड अफसर अली (42) पुत्र अलाउद्दीन निवासी पुसगवां रहता था। रविवार रात अफसर कोठरी में सो रहा था। इसी दौरान कोठरी में धमाका हो गया। गोदाम प्रबंधक अनेश का कहना है कि अफसर बीड़ी पीता था। रात में उसने बीड़ी पर दूसरी जलती हुई बीड़ी फेक दी। इससे कोठरी में आग लग गई। अंदर गैस बनने की वजह से धमाका हो गया। सुबह को जब वह गोदाम पर पहुंचे तो घटना के बारे में पता लगा। गंभीर घायल अफसर को लेकर वह जिला अस्पताल आए। यहां हालत गंभीर होने पर उसे बरेली रेफर कर दिया गया।
गौर करने वाली बात यह है कि गार्ड की कोठरी से कुछ ही दूरी पर गैस सिलेंडरों का गोदाम है। अगर आग गोदाम तक पहुंच जाती को बड़ा हादसा भी हो सकता था। जिस तरह से गार्ड की कोठरी क्षतिग्रस्त हुई उससे साफ होता है कि धमाका कितना जबरदस्त था। फिलहाल धमाका होने की वजह साफ नहीं हो रही है। इधर, घायल गार्ड की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
--------
कोठरी में मिली सिर्फ जली हुई चारपाई
वजीरगंज (ब्यूरो)। पहले कहा जा रहा था कि गार्ड की कोठरी में विस्फोट गैस सिलेंडर फटने से हुआ है। हालांकि, कोठरी में जली हुई चारपाई और कपड़ों के अलावा कुछ नहीं मिला। गोदाम प्रबंधक भी कोठरी में रसोई गैस सिलेंडर रखा होने से मना कर रहे हैं।