गुरु गोविंद सिंह महाराज के प्रकाशोत्सव पर बड़े गुरुद्वारा से शुरू हुई शोभायात्रा शहर भर में धूमधाम से निकाली गई। दर्जनों झांकियां, गतका पार्टी में हैरतअंगेज करतब दिखाते युवा और बैंड-बाजे आकर्षण का केंद्र रहे। शोभायात्रा में अपने खास योद्धा वेश में पंच प्यारे के अलावा गुरुग्रंथ साहिब का रथ भी शामिल रहा। शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इसमें शामिल लोगों को जलपान भी कराया गया।
बड़े गुरूद्वारा, पंजाबी चौक से शुरू होकर शोभायात्रा टिकटगंज, हलवाईचौक, गोपी चौक, लोटनपुरा, जोगीपुरा गुरूद्वारा, लावेला, कश्मीरी चौक से शिवचौक, सुभाष चौक, पुराना बाजार होते हुए मढ़ई चौक, काला सड़क होती हुई बड़े गुरूद्वारा पर ही संपन्न हुई। शोभायात्रा में सबसे आगे निशान साहिब, श्री गुरुनानक सत्संग सभा का बैनर, गुरु गोविंद साहिब की झांकी, शहीद बाबा दीप सिंह कर शस्त्र विद्या अखाड़ा, विभिन्न स्कूलों की झांकियां थीं। गुरुनानक स्कूल के बच्चों की डांस पार्टी, गर्ल्स गिद्दा, पीटी टीम ने समां बांध दिया। संगत सेवा दल, बरेली का सिख सेवक कीर्तनी जत्था, कीर्तनी जत्था सत्संग सभा, सुखमनी साहिब सेवा सोसाइटी जत्था लगा रहा।
इनका रहा सहयोग
शोभायात्रा में गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी की प्रधान रजनी अनेजा, मीत प्रधान डॉ. त्रिलोचन सिंह, महासचिव सरदार गुरुदीप सिंह, रामजस अनेजा, जयरामदास जुनेजा, भूषण अनेजा, सुरेश अरोरा, सरदार अजीत सिंह नरुला, देंवेंद्र जुनेजा, संजय कोचर का योगदान रहा। इसके अलावा संचालन कर्ताओं में सरदार मंजीत सिंह, बिक्की अनेजा, प्रवीन जुनेजा, गुरप्रीत सिंह धींगड़ा, उमेश अरोरा, गुलशन जुनेजा, गुलशन कुमार भगतजी, सुरेंद्र कोचर, पवन सोनी, सुरेंद्र अनेजा, हरेंद्र सिंह मनचंदा शामिल रहे।
पंच प्यारों की छवि निहारते रहे दर्शक
बदायूं। योद्धाओं के वेश में शोभायात्रा में शामिल पंच प्यारे आकर्षण का केंद्र रहे। पंच प्यारों में सरदार हरभजन सिंह, सरदार गुरुचरन सिंह, सरदार सुरजीत सिंह, सरदार सतनाम सिंह, सरदार नरेंद्र सिंह शामिल रहे।
आग लगने से मची अफरा तफरी
बदायूं। गतका पार्टी में हैरतअंगेज करतब दिखाने के दौरान ज्वलनशील पदार्थ की बोतल में आग लग जाने से अफरा तफरी मच गई। हालांकि गतका पार्टी के लोगों ने स्थिति को संभाल लिया। ये हादसा मुंह से आग का गोला निकालने के दौरान हुआ।
समां बांध गया अमृतसर का खालसा पाइप बैंड
बदायूं। शोभायात्रा में शामिल अमृतसर (पंजाब) का खालसा पाइप बैंड अपनी अनोखी छटा बिखेरता रहा। इसकी खास धुनों और खास वेशभूषा ने दर्शकों को आकर्षित किया। धुनों के साथ बैंड के कलाकार विभिन्न साहसिक मुद्राओं में भी दिखे। दिल्ली के पंजाब भांगड़ा ग्रुप ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
नाला खोदाई की वजह से बदला रूट
बदायूं। शोभायात्रा का रूट कश्मीरी चौक और गद्दी चौक के बीच नाना निर्माण की वजह से बदलना पड़ा। कश्मीरी चौक से सीधे न जाकर शोभायात्रा को पुलिस प्रशासन ने गांधी ग्राउंड शिव चौक से सुभाष चौक होकर निकाला।
रोडवेज चौराहे पर जाम ने कराई फजीहत
बदायूं। इस बार काफी लंबी शोभायात्रा होने के कारण जहां यात्रा मार्ग को छोड़ सभी मार्गों पर जाम लगता रहा। रोडवेज चौराहे पर आड़ी तिरछी खड़ी रोडवेज बसों के कारण लोग घूमकर भी नहीं निकल सके। इसे लेकर पुलिस यातायात व्यवस्था पर उंगली उठती रहीं।