पंचकल्याणक महोत्सव में बसुनंदी महाराज का आशीर्वाद लेतीं पालिकाध्यक्ष पूनम अग्रवाल। स्रोत: आयोजक
उझानी। जैन समाज के चार दिवसीय श्री आदिनाथ मज्जिनेंद्र पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का बुधवार अपराह्न धूमधाम से समापन हो गया। मोक्ष कल्याणक की पूजा बसुनंदी महाराज ने कराई। पहले से सजे रथ पर सवार होकर जिनेंद्र भगवान को मंदिर में लाया गया। सभी 24 मूर्तियों की प्रतिष्ठा भी मंत्रोच्चार के बीच की गई।
तीर्थंकर भगवान के पंच कल्याणक महोत्सव के अंतिम दिन शुरुआती कार्यक्रम कृष्ण प्रभा पैलेस में हुए। बसुनंदी महाराज ने कार्यक्रम विहार भी किया। पूर्वाह्न में तीर्थंकर भगवान की रथयात्रा कार्यक्रम स्थल से जैन मंदिर के लिए रवाना हुई तो बाजार में भी जय जिनेंद्र के जयकारे गूंज उठे। मंदिर में बसुनंदी महाराज ने चौबीसी और मान के स्तंभ में भगवान को धार्मिक अनुष्ठान के साथ विराजमान किया।
धार्मिक क्रियाएं क्षुल्लक रत्न 105 विशंक सागर महाराज ने संपन्न कराईं। महिलाओं ने मंगलगीत गाए। इस मौके पर अनूप जैन, मृगांक जैन, निखिल जैन, सोनल जैन, प्रशांत जैन, कुलदीप जैन, प्रियांक जैन, पवन जैन आदि मौजूद थे।
मंगल कलश की बोली लगाकर पालिकाध्यक्ष ने पाया सम्मान
पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतिम दिन पालिकाध्यक्ष पूनम अग्रवाल और उनके बेटे नीलांशु अग्रवाल ने आचार्य बसुनंदी महाराज का आशीर्वाद पाया। दर्शन से पहले उन्होंने मंगल कलश की बोली एक लाख 11 हजार 11 रुपये की लगाई। इसके अलावा खंड शिक्षाधिकारी प्रशांत राठौर को भी सम्मानित किया गया। समाज के प्रमुख व्यक्तियों ने भी सम्मान पाया।