क्षेत्र के लोहिया ग्राम सेमरा बनवीरपुर में वित्तीय वर्ष 2014-15 में कराए गए निर्माण कार्यों के निरीक्षण में सीडीओ प्रताप सिंह भदौरिया को खामी ही खामी मिली। सबसे ज्यादा शिकायतें आंगनबाड़ी, कोटेदार की मिलीं। तमाम लोहिया आवास और शौचालय निर्माणाधीन मिले, जबकि उनकी धनराशि काफी पहले ही निकाली जा चुकी है।
सीडीओ ने शनिवार को गांव के विकास कार्यों की समीक्षा में पाया कि वर्ष 2014-15 में 33 लोहिया आवास बने थे, जिसमें कई अपूर्ण पाए गए। वहीं 112 शौचालय बने थे, जिनमें 29 अपूर्ण थे। इस दौरान अंगूरी बेगम ने लोहिया आवास के शेष धनराशि न मिलने पर शिकायत करते हुए बताया कि इसी वजह से उनका आवास नहीं बन सका। गांव की कुल आबादी 2288 पाई गई, जिसमें बिजली कनेक्शन 16 घरों में पाए गए। इस पर सीडीओ ने कहा कि इस गांव में बिजली चोरी जरूर होती है। गांव के चार ट्रांसफार्मरों में दो खराब मिले, जिन्हें सही कराने के निर्देश दिए। स्ट्रीट लाइट जलती हुई मिलने पर संतोष व्यक्त किया। वहीं आगे चलकर सीसी रोड क्षतिग्रस्त मिलने पर उसे सही कराने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने पाया कि गांव में दो आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जिनमें दोनों केंद्रों की आंगनबाड़ी कार्यकत्री का कार्य असंतोषजनक मिला। पोषाहार आदि वितरण न किए जाने की शिकायतें मिलने पर सिंह ने सीडीपीओ से स्पष्टीकरण मांगा गया। साथ ही इसके लिए दोषी लोगों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्हें बताया गया कि गांव में सफाई कर्मचारी और रोजगार सेवक की नियुक्ति नहीं है।
गांव में स्थित प्राइमरी और जूनियर स्कूलों के बच्चों को बुलाकर अंग्रेजी में वाक्य लिखवाया और कुछ सवाल पूछे, जिनके बच्चों ने संतोषजनक उत्तर दिए तो सीडीओ ने बच्चों और शिक्षकों को शाबाशी दी। शिकायत पर कोटेदार की जांच कराकर कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी डीपीआरओ राजेश यादव, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एके सिंह, एडीओ पंचायत राजबहादुर सक्सेना, वीडीओ मुनीश बाबू, ग्राम प्रधान मुन्नी बेगम, पूर्व प्रधान पप्पू आदि मौजूद रहे।