उझानी (बदायूं)। आरोग्य सेतु एप पर कोरोना संक्रमित के बारे में बार-बार अपडेट होते रहने से इलाके में हड़कंप मचा रहा। कोरोना संक्रमित का पहला अपडेट अब्दुल्लागंज में पांच सौ मीटर के दायरे में आया फिर उझानी से देर शाम तक पांच किलोमीटर क्षेत्र में उसकी लोकेशन आई। सोमवार शाम से लेकर मंगलवार को पूरे दिन 10 किलोमीटर में लोकेशन अपडेट होती रही। एप के उपयोगकर्ताओं ने इसे लेकर अफसरों को अवगत कराके अपने नाते-रिश्तेदारों को भी सजग कर दिया लेकिन कहीं से लोगों को उसकी वास्तविक जानकारी का पता नहीं लग पाया।
कोरोना संक्रमण को लेकर आरोग्य सेतु एप पर पांच सौ मीटर के दायरे में संक्रमित होने का अपडेट सबसे पहले कोतवाली क्षेत्र के गांव अब्दुल्लागंज में देखा गया। पूर्व प्रधान रवेंद्र सक्सेना ने बताया कि गांव के ही जिस व्यक्ति को एप पर कोरोना संक्रमित के बारे में जानकारी हुई, उसने मोहल्ले के लोगों समेत चौकी जाकर पुलिस कर्मियों को अवगत कराया। इसके बाद भाजपा नेता किशनचंद्र शर्मा और स्टेशन रोड निवासी संजीव सक्सेना उर्फ अंशु के मोबाइल फोन पर देर शाम ही लोकेशन पांच किलोमीटर के दायरे में आ गई। अंशु ने सीएमओ डॉ. यशपाल सिंह से भी एप पर कोरोना संक्रमित के बारे में जानकारी की। मंगलवार शाम तक उसकी लोकेशन 10 किलोमीटर क्षेत्र में अपडेट हो रही है। इसे लेकर इलाके में हड़कंप मचा रहा। कृषि उत्पादन मंडी समिति स्थित सब्जी बाजार में एप पर कोरोना संक्रमित के बारे में पता लगा तो लोग घर की ओर खिसक गए। स्वास्थ्य कर्मियों ने एप की लोकेशन के आधार पर अब्दुल्लागंज समेत आसपास के प्रमुख लोगों से हकीकत जानने का संपर्क साधा लेकिन कुछ भी सामने नहीं आया।
---
आरोग्य सेतु एप पर कोरोना संक्रमित के अपडेट की सूचना उन्हें भी कुछ लोगों के जरिए मिली। अफसरों को भी अवगत करा दिया गया लेकिन कोई मामला सामने नहीं आया। ऐसा लग रहा है कि किसी ने एप पर अपनी बीमारी के बारे में जानकारी फीड की होगी। इसके बाद ही ऐसा हुआ होगा।
- राजकुमार गंगवार, चिकित्साधीक्षक।