बदायूं। डीएम ने राजस्व कर-करेत्तर की बैठक में पाया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में 12 विभागों के वार्षिक लक्ष्य 15018.76 लाख रुपये के सापेक्ष 11535.82 लाख की वसूली की गई। यह 76.79 प्रतिशत है। वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले की सात नगर पालिका व 14 नगर पंचायतों समेत कुल 21 नगर निकायों में अप्रैल 2025 के लक्ष्य 95.31 लाख रुपये के सापेक्ष 85.02 लाख रुपये की वसूली की गई, जो 89.20 प्रतिशत है।
डीएम अवनीश राय ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा की। अधिकारियों को जिले की रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए। कहा कि योजना बनाकर और परस्पर विभागीय समन्वय के साथ कार्य करें। डिफॉल्टर प्रकरण किसी भी दृष्टिकोण से स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने प्रत्येक माह की 25, 26 व 27 तारीख को सीएम डैशबोर्ड पर उनके विभाग से संबंधित फॉर्मेट का गहनता से अवलोकन करने पर जोर दिया। कहा कि आईजीआरएस (लोक शिकायतों) के निस्तारण में शिकायतकर्ता की संतुष्टि आवश्यक है।
बैठक में डीएम के संज्ञान में आया कि अप्रैल 2025 में जिले के 26 विभागों को ए-प्लस रैंकिंग मिली है। यह रैंकिंग 47 पैरामीटर्स पर आधारित है। उन्होंने अधिकारियों को मुख्य प्रदर्शन घटक (केपीआई) का विशेष ध्यान रखते हुए कार्य करने के लिए कहा। गेहूं खरीद, औषधि प्रशासन, उद्योग विभाग, गन्ना मूल्य भुगतान, राजस्व, स्टांप एवं पंजीयन सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर समस्त संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।