बदायूं के प्राइवेट रोडवेज के पास कूड़े में आग लगने के बाद जलता लोडर पिकअप। स्त्रोत वीडियो ग्रैब
बदायूं। शहर के प्राइवेट बस स्टैंड पर मंगलवार की रात कूड़े के ढेर में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आकर पास में खड़ा एक लोडर मैजिक जल गया। आग लगने से मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, प्राइवेट बस स्टैंड परिसर में पड़े कूड़े के ढेर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में खड़े लोडर मैजिक को भी अपनी चपेट में ले लिया। वाहन से आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। हालांकि तब तक लोडर मैजिक जल चुका था। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। सीएफओ रामराजा यादव ने बताया कि सूचना पर विभाग की एक गाड़ी टीम के साथ पहुंची थी। पहुंचकर तत्काल आग पर काबू पर लिया।