दातागंज। तहसील क्षेत्र के गांव मुझियाना में बृहस्पतिवार को महिलाओं ने देशी शराब की दुकान का घेराव कर लिया। महिलाएं दुकान के बाहर की धरने पर बैठ गईं। वे यहां से दुकान हटाने की मांग कर रही थीं। दरअसल, शराब की यह दुकान एक देवस्थान के पास है। महिलाओं का कहना है कि शराबी यहां आते-जाते छेड़छाड़ करते हैं। गांव का माहौल भी खराब हो रहा है।
तहसील दातागंज थाना बिनावर के गांव मुझियाना में शराब की दुकान है। इस दुकान को लेकर पहले भी कई बार हंगामा हो चुका है। जिम्मेदार अधिकारी दुकान हटवाने का आश्वासन देकर मामले को शांत करा देते हैं, लेकिन यहां से दुकान नहीं हटती। दुकान के पास ही देवस्थान है। यहां काफी संख्या में महिलाओं का आना-जाना रहता है। बृहस्पतिवार को गांव की महिलाएं नारेबाजी करते हुए शराब की दुकान पर पहुंच गईं। उस समय दुकान खुलने का समय हो रहा था। महिलाएं दुकान के बाहर धरने पर बैठ गईं। महिलाओं ने पूर्वाह्न चार बजे तक दुकान नहीं खुलने दी।
गांव में शराब की दुकान को लेकर हंगामा होने की सूचना पर बिनावर पुलिस मौके पर पहुंच गई। हालांकि, आबकारी विभाग की ओर से किसी अधिकारी ने मौके पर जाने की जरूरत नहीं समझी। पुलिस ने महिलाओं को समझा बुझाकर शांत कराया। भरोसा दिया कि जल्दी ही दुकान को हटवा दिया जाएगा। इसके बाद महिलाएं शांत हुईं तब दुकान खुल सकी।
धर्म स्थल के पास नहीं बिक सकती शराब
बदायूं। नियमानुसार शराब की दुकान के आस-पास धर्म स्थल या कोई शिक्षण संस्थान नहीं होना चाहिए। इसके बाद भी आबकारी विभाग ने मुझियाना गांव में देवस्थान के पास शराब की दुकान खुलवा दी। पहले भी गांव की महिलाओं ने दुकान के विरोध में प्रदर्शन किया था, लेकिन दुकान यहां से नहीं हटाई जा सकी। इसको लेकर भी गांव की महिलाओं में गुस्सा है।
यह बोलीं महिलाएं-
गांव में देवस्थान के पास शराब की दुकान है। देवस्थान आने-जाने पर शराबी छेड़छाड़ करते हैं। काफी समय से शराब की दुकान हटाने की मांग की जा रही है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। -रामकली
गांव में घनी आबादी और देवस्थान के बीच शराब की दुकान हटनी चाहिए। गांव का माहौल खराब हो रहा है। शराब की दुकान पर अक्सर झगड़े-फसाद होते रहते हैं। इससे माहौल बिगड़ता है। -ओमवती
- मुझियाना की शराब दुकान को लेकर कोई शिकायत हमें नहीं मिली है। अगर कोई दिक्कत है तो उसकी जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - राजकुमार, जिला आबकारी अधिकारी