-मेन मार्केट में तार गिरने से स्पार्किंग, भगदड़
शुक्रवार अपराह्न मेन मार्केट के नो-एंट्री जोन में पहुंचे ट्रॉला पर बिजली के तार टूटकर गिर गए। तारों में स्पार्किंग के दौरान अनहोनी से आशंकित ड्राइवर-क्लीनर कूद कर भाग खड़े हुए। इसे लेकर मार्केट में काफी देर तक भगदड़ का माहौल रहा। बाद में सप्लाई बंद होने पर दुकानदारों ने राहत की सांस ली।
मंडी समिति की ओर से मेन मार्केट में पहुंचे ट्रॉला में बड़े-बड़े उपकरण लोड थे। ट्रॉला पहले तो हलवाई चौक मोड़ के पास फंसा। ड्राइवर ने मशक्कत कर वहां से उसे आगे बढ़ाया तो सब्जी मंडी के पास बिजली के मेन लाइन से ट्रॉॅली पर रखीं मशीनें टच हो गईं। दो तार टूट कर ट्रॉला पर गिर पड़े। उस वक्त सप्लाई चल रही थी। इससे तारों में स्पार्किंग होती देख ड्राइवर-क्लीनर कूद कर भाग गए। राहगीरों और दुकानदारों में भी भगदड़ मच गई। चश्मदीद दुकानदारों में श्याम छाबड़ा और प्रदीप गोयल ने बताया कि स्पार्किंग के दौरान चिंगारी भी उठने लगी। गनीमत रही कि दुकानदारों में से किसी एक ने समय रहते उपकेंद्र पर कॉल कर सप्लाई बंद करा दी। जिससे कोई नुकसान नहीं हुआ। दुकानदारों का कहना है कि ट्रॉला के ड्राइवर की लापरवाही से ऐसा हुआ। हादसा टल जाने से दुकानदारों ने राहत महसूस की।
--
काशीराम कॉलोनी में ट्रांसफार्मर में धमाके से भगदड़
उझानी। गद्दीटोला मोहल्ला स्थित काशीराम कॉलोनी में बृहस्पतिवार रात करीब डेढ़ बजे ट्रांसफार्मर में तेज धमाका हुआ। धमाके के साथ ही ट्रांसफार्मर आग की लपटों से घिर गया। अनहोनी की आशंका पर कॉलोनी के लोग घरों से बाहर निकल आए। भगदड़ के बीच कुछ लोग उपकेंद्र पर भी पहुंचे। उन्होंने बिजली कर्मियों को बुलाकर हालात पर काबू पाया।