बदायूं के उझानी में मंगलवार को बारिश के दौरान मंदिर पर बिजली गिर गई, जिससे मंदिर के बरामद में बैठे चार मजदूर और महंत झुलस गए। चारों मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं महंत मामूली रूप से झुलसे हैं।
बदायूं के उझानी में तेज बारिश के दौरान गड़गड़ाहाट के साथ मंगलवार दोपहर बिजली गिरने से मंदिर के बरामदे में बैठे चार मजदूर और महंत झुलस गए। सभी मजदूर धान की कटाई के लिए खेत पर गए थे। झुलसे मजदूरों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। अन्य सभी खतरे से बाहर बताए गए हैं।
विज्ञापन
घटना मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे की है। उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव सकरीजंगल निवासी मजदूर फखरुद्दीन (55), बच्चन (50), अहमद जान(40) और अरमान (22) सुबह करीब नौ बजे घर से वनगवां रोड स्थित परिचित ग्रामीण के खेत में धान की कटाई के लिए पहुंचे। इस बीच अचानक बारिश शुरू हो जाने पर चारों मजदूर सकरीजंगल- वनगवां रोड स्थित मंदिर के बरामदे में बैठ गए। करीब आधे घंटे बाद आसमान में तेज गड़गड़ाहाट के साथ बिजली कौंधने लगी। उसी दौरान धमाके के साथ बिजली गिरी और चार मजदूर झुलस गए। मंदिर में रहे महंत भी मामूली रूप से झुलस गए। हालांकि उनको अस्पताल नहीं लाया गया।
दो मजदूर हो गए थे बेहोश
झुलसने से फखरुद्दीन और बच्चन बेहोश हो गए। जबकि अरमान व अहमदजान होश में था। उसने फोन करके अपने परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद मौके पर जुटे लोग निजी वाहन से फखरुद्दीन, अहमद जान, अरमान और बच्चन को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को होश आ गया। सूचना के बाद दोनों के कई रिश्तेदार भी जिला अस्पताल पहुंच गए हैं।
विज्ञापन
दूर तक सुनाई दिया धमाका
बारिश के दौरान बिजली गिरने का धमाका आसपास के गांवों समेत उझानी कस्बा में भी सुना गया। पड़ोसी गांव वनगवां के सत्येंद्र चौहान ने बताया कि धमाका काफी तेज था। उन्हें भी ऐसा लगा कि पास में ही कहीं बिजली गिरी है, लेकिन दोपहर बाद तक किसी को हादसे के बारे में पता नहीं लग पाया। उधर, सकरीजंगल समेत आसपास के गांव में भी अफरातफरी का माहौल बन गया।