भगवान श्रीकृष्ण को लेकर आपत्तिजनक ट्वीट का मामला
जान-माने वकील प्रशांत भूषण के खिलाफ जेसीएम मोहम्मद असलम सिद्दीकी की कोर्ट में परिवाद दाखिल किया गया है। कोर्ट ने इस पर सुनवाई के लिए 11 अप्रैल तय की है।
सिविल लाइंस थाने के मोहल्ला नेकपुर निवासी रोहन सिंह ने धारा 156(3) के तहत यह परिवाद दाखिल किया है। इसमें कहा गया है कि प्रशांत भूषण ने दो अप्रैल को एक ट्वीट के जरिए भगवान श्रीकृष्ण पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इससे भगवान कृष्ण में आस्था रखने वाले करोड़ों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। उन्होंने दो धर्मों की बीच शत्रुता फैलाने का काम किया है। प्रशांत भूषण की इस हरकत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए उसने तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज करने से इंकार कर दिया। सीजेएम कोर्ट ने रोहन सिंह की अर्जी पर सुनवाई के लिए 11 अप्रैल तय की है।