बदायूं। एंटी करप्शन की कार्रवाई के खिलाफ शनिवार को लेखपालों ने जिले की सभी तहसीलों में धरना प्रदर्शन किया। कहा कि गाजीपुर में लेखपाल ने रुपये नहीं लिए। बावजूद इसके उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। यह गलत है, एंटी करप्शन टीम के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इसको लेकर मुख्यमंत्री के नाम अधिकारियों को ज्ञापन दिया गया।
तहसील सदर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष भोजराज सिंह ने कहा कि दो पक्षों में अगर जमीन की लड़ाई होती है तो लेखपाल ही मौके पर जाकर समस्या का निस्तारण करते हैं। ऐसे में एक पक्ष लेखपाल से रंजिश मानने लगता है। वह लेखपाल को फंसाने में लग जाता है। गाजीपुर में दो जनवरी को एक लेखपाल को एंटी करप्शन टीम की टीम ने पकड़ा और उनके खिलाफ कार्रवाई की, जबकि वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि लेखपाल रुपये नहीं ले रहा। जबरदस्ती उसे रुपये दिए जा रहे हैं। उन्होंने इसमें नए नियमों को बनाने की बात कही। इस मौके पर रुपेंद्र शाक्य, हरीश चंद्र वर्मा आदि मौजूद रहे।
सहसवान। उप्र लेखपाल संघ के बैनर तले लेखपालों ने तहसील में धरना प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। संघ के शाखा अध्यक्ष ज्ञानेंद्र यादव, मंत्री सत्यपाल सिंह के नेतृत्व में एसडीएम प्रेमपाल सिंह को ज्ञापन सौंपा। कहा कि लेखपालों को एंटी करप्शन टीम द्वारा पकड़वाने की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है। जो सही नहीं है। इस पर रोक लगनी चाहिए।
बिसौली में एसडीएम को दिया ज्ञापन
बिसौली। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने एंटी करप्शन टीम की ओर से झूठी शिकायत पर लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई करने पर रोष जताया। लेखपाल संघ तहसील अध्यक्ष अमित कुमार ने कहा कि किसी भी मामले में एक पक्ष तो नाराज होता है। वह पक्ष राजनीतिक षड्यंत्र कर लेखपाल को फंसाने का भी प्रयास करता है। लखनऊ और महाराजगंज में ऐसी ही घटना घटी। संघ ने मुख्यमंत्री से मामले की प्रशासनिक जांच करने के बाद ही लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की। साथ ही एसडीएम राशि कृष्णा को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर सचिव संदीप कुमार, राहुल सिंह, रिंकी गुप्ता, मोहित कुमार शर्मा मौजूद रहे।
बिल्सी में लेखपालों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
बिल्सी। शनिवार को तहसील में लेखपालों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम रिपुदमन सिंह को सौंपा। लेखपालों ने कहा कि उनके साथ अन्याय हो रहा है। बिना जांच के ही कार्रवाई हो रही है। इस मौके पर लेखपाल विनोद कुमार सिंह, विजेंद्र पाल सिंह, हरिओम सिंह, विनय कुमार, सूरज कुमार भारती, राजेंद्र कुमार, मोहम्मद आरिश, अनुराग त्रिपाठी, रनजीत सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद
बिल्सी तहसील में प्रदर्शन करते लेखपाल। संवाद
बिल्सी तहसील में प्रदर्शन करते लेखपाल। संवाद