बदायूं। जमीन के मुकदमे में न्याय न मिलने पर एक व्यापारी ने मुख्यमंत्री कार्यालय के सामने आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। व्यापारी का कहना है कि कोतवाली पुलिस करोड़ों की जमीन के मुकदमे को राजनीतिक दबाव में खत्म करना चाह रही है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सोथा निवासी जफर आलम का कहना है कि उनके 400 गज के प्लॉट को उनके भाई नवेद आलम से सभासद नईम व फिरोज ने 48 लाख रुपये में खरीद लिया। इसमें उनके हिस्से के 24 लाख रुपये बैनामा में देना दिखाए गए हैं। जफर का कहना है कि यह रुपया उन्हें मिला ही नहीं है। इस संबंध में कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया। इसके बाद उन्हें धमकी दी जाने लगी।
जफर का आरोप है कि कोतवाली पुलिस ने इस मामले में आरोपियों से रुपये लेकर साठगांठ कर ली है। कोतवाल ने उसके भाई के झूठे बयान दर्ज कर लिए हैं। 28 अक्तूबर को बयान दर्ज करना दिखाया है, जबकि उस दिन भाई नवेद बदायूं में ही नहीं था। भाई नवेद ने भी एडीजी से इस मामले की शिकायत की है।
जफर का आरोप है कि एक विधायक इस मामले में आरोपियों की सिफारिश कर रहे हैं। जिस कारण उन्हें जेल भेजने की साजिश रची जा रही है। जफर ने शनिवार को अपना एक वीडियो बनाकर वायरल किया, जिसमें कहा है कि अगर उन्हें इन्साफ नहीं मिला तो वह मुख्यमंत्री कार्यालय के सामने आत्मदाह कर लेंगे। इसकी जिम्मेदारी मुकदमे के विवेचक, सदर कोतवाल व सत्ता के एक विधायक की होगी।