सहसवान। ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में एसडीएम लाल बहादुर ने बुधवार को एक लेखपाल को निलंबित कर दिया, जबकि एक लेखपाल को कारण बताओ नोटिस दिया गया है।
तहसील सहसवान में तैनात लेखपाल राम बहादुर और रवि यादव की लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। जिस पर रामबहादुर को कारण बताओ नोटिस दिया गया। इसका वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। तहसीलदार दीपक कुमार चौधरी ने दोनों लेखपालों के संबंध में अपनी रिपोर्ट एसडीएम को भेज दी। एसडीएम ने बुधवार को लेखपाल राम बहादुर को निलंबित कर दिया, वहीं रवि यादव को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। नोटिस का जवाब मिलने के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने बताया कि दोनों लेखपाल शासन की मंशा के अनुरूप काम नहीं कर रहे थे। इससे जनमानस में प्रशासन की छवि खराब हो रही थी।