बदायूं। लेखपाल भर्ती परीक्षा 21 मई को जिले के 15 केंद्रों पर एक ही पाली में आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक होगी, जबकि अभ्यर्थियों को सुबह साढ़े आठ बजे तक केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य रहेगा। इस परीक्षा में कुल 5664 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
शासन की ओर से भेजे गए पर्यवेक्षक अधिकारी सुशील कुमार की अध्यक्षता में लेखपाल भर्ती परीक्षा को लेकर बैठक हुई। इसमें सभी केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही तैयारियों की समीक्षा की। एडीएम प्रशासन/नोडल अधिकारी अरुण कुमार ने परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए की गई सख्त व्यवस्था के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि जिले में 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक नियुक्त किए गए हैं। साथ ही 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती भी की गई है, जो लगातार निगरानी करेंगे। एसपी सिटी/ नोडल अधिकारी अभिषेक सिंह ने अधिकारियों को परीक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं।